विधायक ने स्वामी योगीराज के निर्वाण दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार कहा कि स्वामी योगीराज महाराज ने समाज को नई दिशा देने का काम किया। आज उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज तरक्की कर रहा है। विधायक सुरेंद्र पवार ने गढ़ी सिसाना गांव में पहुंचकर स्वामी योगीराज ब्रह्म प्रकाश महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि स्वामी योगीराज महाराज ने मानव के साथ-साथ जीव जंतुओं की सेवा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब भी उन्हें कोई असहाय नजर आता वह अपनी कृपा से उसका उद्धार करते। आज उनके निर्वाण दिवस पर स्वामी द्वारा दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना होगा, तभी एक प्रगतिशील समाज देश को मिलेगा। महाराज की आस्था न सिर्फ खरखौदा में है, बल्कि देश प्रदेश में स्वामी के भक्तजन है। उन्होंने कहा कि गढ़ी सिसाना गांव की धरा इतनी पावन है कि यहां पर दूर-दूर से लोग मन्नत मांगने आते हैं। यहां पर सच्चे मन से आने वाले हर भक्त जन की मुराद भी पूरी होती है। भगवान से प्रार्थना करते हैं कि इसी तरह भगवान उनके दर पर आने वाले सभी भक्तजनों की मुरादें पूरी करें। इस दौरान बड़ी तादाद में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।