रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक चुनाव में सक्रिय सदस्य अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में 10 दिसम्बर तक सक्रिय सदस्यता अभियान के चरण को पूरा कर लिया जाएगा। आज यहां सोनीपत विधानसभा में सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत सदस्यता का पुन: पंजीकरण करवाते हुए मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन को सक्रिय सदस्य बनाया गया। इसके बाद अपने संबोधन में जैन ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन की चुनाव प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसमें जनवरी तक बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष तथा जिलाध्यक्ष के चुनाव का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक शुचिता के लिए नित नए आयाम स्थापित कर रही भाजपा में इस प्रक्रिया को लेकर पदाधिकारियों विशेषकर कार्यकर्ताओं में पूरा जोश और उत्साह है। उन्होंने कहा लोकतांत्रिक प्रणाली से आयोजित प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा शनिवार को इस संबंध में रोहतक प्रदेश कार्यालय में बैठक भी बुलाई गई है। उन्होंने सोनीपत विधानसभा में भी 10-10 लोगों को सदस्य बनाने वाले सक्रिय सदस्यों की सूची शीघ्र तैयार करें, ताकि आगामी प्रक्रिया को प्रारम्भ किया जा सके। इस मौके पर नवीन मंगला, डॉ संजय सेहरा, ललित महेंद्रू, राजेन्द्र चांदना, सुरजीत दहिया, सुरेंद्र मदान, मनोज गुप्ता, मास्टर सुरेश आदि मौजूद रहे।