रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। राई विधानसभा में संगठनात्मक बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष डॉ धर्मवीर नांदल की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें राई क्षेत्र के संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने चुनाव को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ताओं की कोई भी अवहेलना नहीं होगी और सभी कार्यकर्ताओं को मजबूती और पूरा सम्मान दिया जाएगा। इस मौके पर राई विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश रोहिल्ला ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है। जिस पार्टी में कार्यकर्ता का सम्मान नहीं किया जाता, वह पार्टी हमेशा सत्ता से दूर रहती है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा मान-सम्मान मिलना चाहिए, ताकि पार्टी का दिन-प्रतिदिन ग्राफ लगातार बढ़ता रहे। उन्होंने कई जगहों पर पार्टी की हार का मुख्य कारण भी पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी को माना। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ की हड्डी होता है, इसलिए पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की बात सुननी चाहिए और उस पर अमल करना चाहिए, तभी पार्टी मजबूती के साथ हर मोर्चा पर अपना वर्चस्व स्थापित करने में सफल होती है। इस दौरान राई विस के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।