पानीपत। हरियाणा महिला आयोग कि सदस्य सोनिया अग्रवाल ने आज स्थानीय सामान्य हस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता भी रही। सबसे पहले उन्होंने ओपीडी, आपातकालीन वार्ड, सुकून केन्द्र, आईसीयू वार्ड और जच्चा बच्चा वार्ड का निरीक्षण किया और उपचाराधिन मरीजो से वार्तालाप भी किया। इसके बाद उन्होंने सीएमओ कार्यालय में चिकित्सकों की बैठक को संबोधित किया। बैठक में सिविल सर्जन डा0 जितेन्द्र कादयान, तहसीलदार डा0 कुलदीप सिंह चिकित्साधिक्षक आलोक जैन अर्बन, चिकित्सा अधिकारी डा0 मनीष और राघवेन्द्र मौजुद रहे। इसके बाद सोनिया अग्रवाल ने सैक्टर 13-17 में स्थापित महिला थाने का निरीक्षण भी किया। हरियाणा महिला आयोग कि सदस्य सोनिया अग्रवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने समाज के हर अमीर गरीब व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए अनेक योजनाएं लागु की है। सरकार ने हरियाणा के प्रत्येक जिले में कम से कम एक मैडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना लागू की है, जिससे हरियाणा के ही नहीं पड़ोसी राज्य के नागरिकों को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पानीपत जिला के इस हस्पताल में प्रतिदिन 900 से 1200 तक ओपीडी तथा एक हजार से 1400 तक मासिक डिलीवरी होती है। इसलिए चिकित्सकों की कमी को पूरी करवाने के लिए वे हरियाणा महिला आयोग कि ओर से हरियाणा सरकार को एक पत्र भी भिजवाएंगी ताकि यहां के मरीजो को और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि पानीपत के सुकून केन्द्र को देखकर वे बहुत प्रभावित हुई हैं। यहां पर घरेलु हिंसा से प्रभावित महिलाओं को विशेष सुविधाएं दी जाती हैं। इस केन्द्र में आर्थिक हिंसा, भावनात्मक व मौखिक हिंसा से प्रभावित व्यक्तियों का ईलाज भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं को तीव्र गति से न्याय दिलवाने के लिए हरियाणा के प्रत्येक जिले में महिला थाने स्थापित किए हैं जहां पर पीडि़त महिलाएं अपने मन की बात खुलकर पुलिस अधिकारियों के सामने रख सकती हैं। उन्होंने इस थाने की महिला पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला थाने में आने वाली कोई भी पीडि़त महिला निराश नही जानी चाहिए।