सरदार पटेल पार्क में प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजली
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें हम राष्ट्रीय एकता का असली सूत्रधार कह सकते हैं। वे वीरवार को पुरानी मंडी स्थित सरदार पटेल पार्क में सरदार पटेल जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा को पुष्प अर्पित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि सरदार पटेल ने छोटी-छोटी रियासतों को जोड़ा, जिससे भारत एक नई शक्ति के रूप में सामने आया। आज अखंड भारत की बढ़ती ताकत को रोकने तथा देश को तोडऩे के लिए कुछ शक्तियां कार्यरत है। ऐसी राष्ट्र विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देने में भारतीय सेना व युवा सक्षम हैं। जिस देश के ऐसे युवा व सैनिक हों जो देश के लिए प्राण न्यौछावर करने को तत्पर रहते हों, उस देश का दुश्मन बाल भी बांका नहीं कर सकता। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि हमें मिलकर संकल्प लेना होगा कि हम देश को दुनिया का ताज बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह के प्रयासों की बदौलत आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख से लेकर कन्याकुमारी तक एक विधान, एक निशान, एक कानून सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि आमजन विशेषकर युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने के लिए तत्पर रहना चाहिए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ ओमप्रकाश आत्रेय, त्रिलोक जैन, पवन जैन, चरण सिंह जोगी, नरेश वर्मा, धर्मबीर धीमान, दलीप कुच्छल, विजय मंगला, मनोज गुप्ता मौजूद रहे।