>अशोक छाबड़ा, जींद/सफीदों। बालीवुड अभिनेत्री एवं मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि हरियाणा आने पर उन्हें बहुत अच्छा लगता है। यहां हरियाली देखने को मिलती है। यहां की जनता बहुत खूबसूरत है। यहां के नौजवान भी सबसे अच्छे हैं और वो फिल्मों में भी काम कर रहे हैं। हरियाणा की छवि सुंदरता को लेकर है और यहां का वातवरण सबसे अच्छा है। यहां का पानी भी बहुत अच्छा है। वो हरियाणा में कई बार आए हैं और यहां के लोगों ने उनका हर बार गर्मजोशी से स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर जो मान-सम्मान मिला है वो उसके लिए आभारी हैं। हेमा मालिनी शनिवार को सफीदों से भाजपा प्रत्याशी बच्चन सिंह आर्य के समर्थन में आयोजित रैली को सम्बोधित कर रहीं थीं। हेमा मालिनी ने कहा कि भाजपा पार्टी कितना अच्छा काम कर रही है, यह सब जानते हैं। भाजपा के विकास कार्य किसी से छुपे नहीं है। हर वर्ग के लिए भाजपा ने नीतियां बनाई हैं। पूर्व की सरकारों के 48 साल के वर्ष सब देख चुके हैं और भाजपा के पांच साल भी आपने देखे हैं। हरियाणा में मनोहर लाल सरकार ने अपनी ईमानदारी से पूर्व की सरकारों से कई गुणा बेहतर कार्य करके दिखा दिया है। हेमा मालिनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश व हरियाणा के लिए कितनी मेहनत कर रहे हैं। यह किसी से छुपा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हरियाणा से विशेष लगाव है। वह यहां पर रह चुके हैं। आज भी प्रधानमंत्री हरियाणा की जनता से रूबरू हो रहे हैं। ऐसे में मेरी अपील है कि बच्चन सिंह आर्य को इतने भारी मतों से विजयी बनायें कि इसकी गुंज दिल्ली तक सुनायी दे।