मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत जीवीएम गल्र्स कॉलेज में विद्यार्थियों को किया जागरूक
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। भारत दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रणाली का प्रतिनिधित्व करता है। मतदान इस लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूती प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। जितना अधिक मतदान होगा उतनी ही हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली मजबूत होगी। इसलिए मतदान को लोकतंत्र का आधार माना गया है। हर नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपना सहयोग करें। अतिरिक्त उपायुक्त एवं स्विप नोडल अधिकारी जयबीर सिंह आर्य शुक्रवार को जीवीएम गल्र्स कालेज सोनीपत में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। आर्य ने कहा कि 21 अक्तूबर को विधानसभा आम चुनाव के लिए मतदान होना है। इसी कड़ी में निबंध व भाषण प्रतियोगिता करवाई जा रही हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि मतदान का हमारे लोकतंत्र प्रणाली में बड़ा ही महत्व है। हमारे लोकतंत्र की मजबूती का आधार ही मतदान है। जितना अधिक मतदान होगा उतनी सुदृढ़ता हमारे लोकतंत्र को मिलेगी। इसके अलावा देश का विकास भी इस प्रणाली पर टिका है। मतदाता निष्पक्ष व बिना किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करके सरकार के गठन में अपना सहयोग करता है। इसलिए हर मतदाता अपने मत के महत्व को समझते हुए मतदान जरूर करें। उन्होंने कहा कि कॉलेज की छात्राएं आम जनता को मतदान के प्रति जागरूक व प्रेरित करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। इस अवसर पर सभी छात्रों को पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए भी प्रेरित किया गया और सभी छात्राओं को केरी बैग भेंट किए गए। कालेज की प्राचार्या ज्योति जुनेजा ने सभी बच्चों को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में वोट का यह लोकतांत्रिक अधिकार बड़े संघर्ष के बाद मिला है और हमें यह अधिकार आजादी के बाद से ही मिला हुआ है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक मतदान करें और अपने आस-पास के लोगों को प्रेरित करें।