पलवल।> केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो कार्य हुए हैं वे अब तक किसी सरकार में नहीं हुए। उसी प्रकार प्रदेश में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकास कार्य हुए हैं वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मोटरसाइकिल के दो पहियों में से एक पहिया किसी और वाहन का हो तो वह ठीक ढंग से नहीं चलती, उसी प्रकार यदि केंद्र में सरकार कोई और हो और राज्य में कोई और हो तो विकास का पहिया थम सा जाता है। दिन बीते 5 वर्षों में एमपी आपका भाजपा सरकार का था और विधायक किसी और का उसके बावजूद क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं। भाजपा का ही विधायक बने तो विकास को और ज्यादा गति मिलेगी। गुर्जर गुरुवार को बैसलात के गांव में आयोजित सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के निवर्तमान राजनीतिक सचिव एवं भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगे। सभाओं में दीपक मंगला ने कहा कि बीते 5 वर्षों में पलवल विधानसभा क्षेत्र से भय और भ्रष्टाचार का शासन खत्म हुआ है और लोगों को अमन व शांति का सुशासन मिला है। इतने विकास कार्य हुए हैं कि पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हाथ मजबूत करने के लिए विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने पलवल के पंजाबी धर्मशाला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सभा में भारी संख्या में पहुंचने पर लोगों का आभार भी व्यक्त किया। नेताओं ने गांव लुलवाड़ी, अमरोली, भवाना, बाढ़ का, कुशक, बडोली, रहीमपुर, सुल्तानपुर, खटका, टीकरी गुर्जर, लालगढ़, आया नगर, नंदा वाला, कम रावली, बाता व रूंधी आदि गांव में दौरे किए। सभाओं में उनके साथ पूर्व विधायक सुभाष चौधरी, महेंद्र भडाना, समुंदर भाखड़, सतवीर पटेल, संजय गुर्जर, तुही राम भारद्वाज मुख्य रूप से मौजूद थे।