राफेल पर फिर बोले राहुल गांधी, पूजा दिखाएंगे या फिर कुछ और भी, जो तोडऩे का काम पहले अंग्रेज करते थे वह काम अब भाजपा और संघ कर रही
अशोक छाबड़ा, नूंह/जींद। कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने नूंह आये पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम मनोहर लाल के भाषणों में आजकल झूठे वादे सुनाई देते है। उन्होंने भीड़ से सवाल पूछते हुए कहा कि आप लोग बताएं कितने लोगों को रोजगार मिला। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश की अर्थव्यवस्था की धज्जियां उड़ चुकी हैं। देश के सभी राज्यों में लोगों की हालत खराब है। राहुल गांधी ने कहा कि मंदी की मार झेल रहे सभी लोगों का यह मानना है कि मोदी ने अर्थव्यवस्था की हालत खराब कर दी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से मारुति को कारखाना बंद करना पड़ा। टाटा की कंपनी बंद करनी पड़ी। इसकी वजह से करोड़ों बेरोजगार हो गए। पीएम मोदी और सीएम मनोहर लाल लगातार झूठ बोल रहे हैं। मोदी हर दसवें दिन मन की बात करते हैं। मैंने सोचा मैं काम की बात करूं। राहुल ने कहा कि पीएम सिर्फ केवल मन की बात करते हैं। राहुल ने कहा, पीएम मोदी अंबानी-अडाणी के लाउडस्पीकर हैं। वे दिन भर उनकी बात करते रहते हैं। उन्होंने कहा, 6 महीने बाद बेरोजगारी देखना। युवाओं को बेवकूफ बनाकर सरकार नहीं चला सकते।
h2>राहुल ने किया भीड़ से सवाल
रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले नोटबंदी की मार फिर जीएसटी की मार से अर्थव्यवस्था खराब हुई। भीड़ से उन्होंने पूछा कि कोई यहां है जो कहे कि जीएसटी से फायदा हुआ है। इससे केवल हिंदुस्तान के 15-20 अमीर लोगों को फायदा हुआ है। वही लोग जीएसटी चाहते हैं। पीएम मोदी से सवाल पूछने के अंदाज में राहुल ने कहा कि अगर आप खुद को देशभक्त कहते हो तो पब्लिक सेक्टर की कंपनियों को क्यों अपने अरबपति मित्रों को बेच रहे हो।
भाषण में राफेल का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी अंबानी और अडानी के लाउडस्पीकर हैं। 6 महीने बाद देखना अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी की क्या हालत होती है। राहुल ने कहा कि राफेल की पूजा दिखाएंगे या फिर कभी कुछ और दिखाएंगे। बता दें कि विजयदशमी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस में शस्त्र पूजा के दौरान राफेल पर ऊं लिखा था। इस पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सवाल उठाया था। राहुल गांधी ने कहा कि विजय माल्या, मेहुल चौकसी व नीरव मोदी जैसे लोगों को यह सरकार पैसा देती है। जो देश छोड़कर भाग जाते हैं। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने किसानों का ऋण माफ किया। राहुल ने कहा कि केंद्र में भले ही मोदी की सरकार है, लेकिन हम हरियाणा में सत्ता परिवर्तन करके यहां की अर्थव्यवस्था को पटरी पर ला सकते हैं। किसान और मजदूर ही बदलाव ला सकता है।
पब्लिक सेक्टर की कंपनियां बेचने का लगाया आरोप
राहुल ने कहा, अगर मोदी देशभक्त हैं तो वे हिंदुस्तान की पब्लिक सेक्टर की कंपनियों को अपने दोस्तों को क्यों दे रहे हैं। खट्टर और पीएम मोदी 15 लोगों के लिए काम करते हैं, जो अरबपति हैं। मोदी सच्चे मुद्दों से ध्यान हटाकर इधर-उधर करवाते हैं। कभी चांद की बात करते हैं। कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ किया, लेकिन मोदी ने 15 लोगों का कर्जा माफ किया। राहुल ने कहा, भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी है। किसी भी उद्योगपति से पूछे लें वे कहते हैं कि अर्थव्यवस्था का बेड़ा गर्क कर दिया। मार दिया है, खत्म कर दिया है। पहले नोटबंदी कर लाइन में खड़ा कर दिया। इस लाइन में कभी अनिल अंबानी को नहीं देखा। लाखों का पैसा जेब से निकालकर नीरव मोदी, मेहुल चौकसी की जेब में डाल दिया। फिर गब्बर सिंह टैक्स लगा दिया गया।
मेवात विकास बोर्ड में आरक्षण का वादा
इससे पहले रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को कुछ भी नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मेवात के लोगों की उपेक्षा की। कुमारी सैलजा ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आयी तो मेवात विकास बोर्ड में यहां के लोगों को 50 फीसद आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 5 साल में कुछ भी नहीं किया। यही वजह है कि अपने घोषणापत्र में उपलब्धि नहीं दिखा पाए। सैलजा ने नूंह के लोगों से वादा किया कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो मेवात के लिए बेहतर काम किया जाएगा। उधर, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव ने आरोप लगाया कि हरियाणा में भाजपा ने भाईचारा बिगाड़ा। एक तरफ हमारी आजादी की लडाई लडऩे वाली कांग्रेस है, वहीं दूसरी ओर नफरत फैलाने वाली पार्टी। राहुल गांधी से पहले रैली को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सीएम मनोहर लाल ने प्रदेश के युवाओं को बेरोजहार करने का काम किया। भाजपा ने घमंड में 75 पार सीटें हासिल करने का नारा दिया।