कर्मियों का ज्वायनिंग के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ एवं हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन संबंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के सदस्यों ने आज जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी के परिमंडल कार्यालय में संयुक्त रुप से ज्वायनिंग ना लेने के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। पहले दिन की धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान विष्णु दत्त भारद्वाज एवं संचालन राज्य प्रवक्ता रामलाल ने किया। धरने को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विष्णु दत्त ने कहा कि जब तक विभाग प्रतिनियुक्ति पर गए कर्मचारियों की वापसी की ज्वायनिंग ना लेती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। धरने को मुख्य रूप से ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान रणबीर सिंह दलाल, चेयरमैन विनोद योगी, वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार, ऑडिटर सतपाल शर्मा, हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के प्रदेश कार्यालय सचिव विनोद शर्मा, ब्रांच प्रधान सूबे सिंह पहलवान, जिला चेयरमैन धूप सिंह लाकड़ा, जिला कोषाध्यक्ष सुंदर चौहान, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष, तेज प्रकाश गौड़, शंभू , राजवीर शर्मा, नरेश कुमार, जिला प्रधान ओम प्रकाश मलिक आदि कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया। सभी नेताओं ने एक स्वर में हरियाणा सरकार एवं जन स्वास्थ्य एवं नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की एवं प्रशासन को चेताया कि अगर जल्दी ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेवारी सरकार एवं प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन को और तेज करते हुए अगर आवश्यकता हुई तो कर्मचारी जल एवं मल व्यवस्था को ठप कर सकते हैं।