भाजपा विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी : सांसद कौशिक
>भाजपा सरकार ने विकास के नये आयाम स्थापित किये : योगेशपाल अरोड़ा
रणबीर सिंह रोहिल्ला, राई। हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर रविवार को भाजपा राई हलके की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद रमेश कौशिक ने कार्यकर्ताओं का एकजुटता के साथ चुनाव लडऩे का आह्वान किया। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि दूसरी पार्टियां आपसी व परिवार की लड़ाई में बिखर चुकी हैं, किंतु भाजपा एकजुट है। हमारी एकजुटता ही हमारी ताकत है। इस ताकत के सहारे कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। भाजपा ने लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन को भाजपा अब विधानसभा चुनावों में भी दोहराएगी। जिलाध्यक्ष डा. धर्मबीर नांदल ने 17 सितंबर को खरखौदा की अनाज मंडी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। बैठक को संबोधित करते हुए राई विधानसभा प्रभारी योगेशपाल अरोड़ा ने कहा कि भाजपा तीव्रता से आगे बढ़ रही है। हर क्षेत्र में भाजपा सरकार ने विकास के नये आयाम स्थापित किये है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश में विकास की गाड़ी तीव्र गति से दौड़ रही है। हर क्षेत्र व हर वर्ग उत्थान की ओर अग्रसर है अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं को खरखौदा की अनाज मंडी में 17 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका हलके में पहला दौरा है, जिसमें उनके स्वागत में कोई कसर नहीं रहनी चाहिए। जेपी नड्डा का आगमन प्रदेश एवं जिला इकाइयों को विशेष मजबूती देगा। योगेशपाल अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में निश्चित रूप से प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने जा रही है, जिसके लिए 75 पार के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। सुशासन की स्थापना करते हुए पारदर्शिता स्थापित की है। प्रदेश में बिना किसी भेदभाव व क्षेत्रवाद के विकास कार्य करवाये हैं।