मांगों को लेकर प्रभात फेरी निकालेंगे कर्मचारी
मनीष पंवार, सोनीपत। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन संबंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच की पब्लिक हेल्थ ब्रांच की मीटिंग यूनियन कार्यालय नजदीक जलघर लघु सचिवालय में संपन्न हुई। मीटिंग की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान सुबे सिंह पहलवान ने किया। जबकि संचालन शंभू कुमार ने किया। मीटिंग को संबोधित करते हुए ब्रांच प्रधान सुबे सिंह ने कहा कि नगर निगम में गए हुए कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलता है। कच्चे कर्मचारियों को 6 महीने से वेतन नहीं मिला, जिससे कर्मचारियों में काफी रोष है। कर्मचारी के वेतन बारे में आठ और 9 अगस्त को निगम कार्यालय पर कर्मचारियों द्वारा धरना दिया गया था। निगम के अधिकारियों द्वारा संगठन को आश्वासन देकर धरना समाप्त करवा दिया गया । आज तक भी कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है। जिला प्रधान विष्णु दत्त भारद्वाज ने कहा कि कर्मचारियों के रोष को देखते हुए उपरोक्त संगठन ने निर्णय लिया कि जिला स्तर पर सभी कच्चे व पक्के कर्मचारी मिलकर विधायक व सांसद के घर के बाहर प्रभात फेरी निकाली जाए । अगर 7 सितंबर तक नगर निगम ने सभी कर्मचारियों का वेतन नहीं दिया तो 8 सितंबर को सुबह 5 बजे राजीव जैन के घर के बाहर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रदेश कार्यालय सचिव विनोद शर्मा ने कहा कि 5 अक्टूबर को उपरोक्त संगठन का स्थापना दिवस समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसमें जिले की सभी ब्रांचे भाग लेगी। कर्मचारी वर्ग अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहा है। अगर सरकार और प्रशासन जल्द से जल्द कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं करेगा, तो आगामी प्रभात फेरी, धरना प्रदर्शन, और आंदोलन की पूर्ण जिम्मेवारी सरकार की होगी। इस अवसर पर जिला प्रधान विष्णु दत्त भारद्वाज, सुरेश, राजबीर, सुंदर चौहान ,सतीश, दिलबर मशी, शंभू, अमित, राजकुमार, रामेश्वर, दिलीप, बलवंत, धर्मेंद्र, संजय, मौसम, धूप सिंह, मुकेश दहिया, महेंद्र सारसर, कृष्ण कुमार,सुबे सिंह, राजबीर शर्मा,तैज प्रकाश गौड़, जयगोपाल, सुरेंद्र आदि सैकड़ों कर्मचारियों ने अपने विचार रखें।