सरकार व्यापारी व जनता की जान-माल की सुरक्षा करने में विफल : गर्ग
केंद्रीय क्राइम ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा अपराध के मामले में नंबर वन
राजेंद्र कुमार, सिरसा। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा कंफैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने अपने साथियों सहित अनाज मंडी के व्यापारी विनोद कुमार चंद वासियां के यहां हुई दिनदहाड़े 13 लाख की डकैती पर पीडि़त व्यापारी से मिलने उनके दुकान पर पहुंचे और डकैती की पूरी जानकारी लेने के बाद व्यापारियों की बैठक करने के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए। बजरंग गर्ग ने कहा कि सिरसा अनाज मंडी में अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े डकैती करना यह सरकार की विफलता का जीता जागता सबूत है। पुलिस प्रशासन व सरकार को तुरंत प्रभाव से अपराधियों को पकड़ कर डकैती के रुपये बरामद करने चाहिए। अगर बुधवार तक अपराधियों को पकड़ कर रूपये की वसूली नहीं कि तो व्यापार मंडल सड़कों पर उतर कर धरना, प्रदर्शन व शहर बंद करेगा। बजरंग गर्ग ने कहा कि प्रदेश का व्यापारी, उद्योगपति व आम जनता अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह भयभीत है। हरियाणा में हर रोज व्यापारी व उद्योगपतियों के साथ लूटपाट, अपहरण, चोरी, हत्या की वारदातें हो रही है। यहां तक कि प्रदेश में हमारी महिलाएं व बच्चियों तक सुरक्षित नहीं है। प्रदेशाध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि केंद्रीय क्राइम ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा अपराध के मामले में नंबर 1 पर है। यहां तक कि अपराध के मामले में हरियाणा ने यूपी व बिहार को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश का व्यापारी व आम जनता सरकार को करोड़ों-अरबों रुपए टैक्स देकर सरकार का खजाने भरने का काम कर रहे हैं। जबकि व्यापारी व आम जनता की जान माल की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल सिद्ध हुई है। यहां तक कि मूलभूत सुविधा देने में भी सरकार विफल रही है। जो सरकार व्यापारी व आम जनता की जान माल की सुरक्षा ठीक ढंग से ना कर सके। उस सरकार को जनता से टैक्स लेने का कोई अधिकार नहीं है। गर्ग ने कहा कि हरियाणा सरकार व पुलिस प्रशासन को कानून व्यवस्था में सुधार करके व्यापारी व आम जनता की जानमाल की सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध करने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने चाहिए, ताकि कोई भी अपराधी हरियाणा में अपराध करने की हिम्मत ना कर सके। इस मौके पर व्यापार मंडल जिला प्रधान एवं प्रदेश महासचिव हीरालाल शर्मा, प्रदेश उपप्रधान मास्टर रोशन लाल गोयल व आनंद बियानी, हरियाणा कॉटन उद्योग एसोसिएशन प्रधान सुशील मित्तल, व्यापार मंडल के उप प्रधान चंद्रयश जैन, अंजनी कनोडिया, महासचिव जयप्रकाश भोलूसरिया, नगर प्रधान केदार पाहवा, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र बंसल, किरयाणा मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान सतीश शर्मा, स्वर्णकार संघ के प्रधान देवेंद्र सोनी, होलसेल गुड्डा मंडी चीनी प्रधान सुभाष शेरपुरावाला व सचिव स. कंवलजीत सिंह, मंडी एसोसिएशन से सुशील कंदोई, व्यापार मंडल प्रदेश सचिव राजकुमार सोनी, शूज एसोसिएशन सोमप्रकाश सेठी इत्यादि भी मौजूद थे।