डकैती मामले में आढ़ती एसोसिएशन ने जताया रोष
>बैठक कर लिया निर्णय, अगर आरोपी नहीं हुए गिरफ्तार तो अनाज मंडी करेंगे बंद<
राजेंद्र कुमार, सिरसा।< हरियाणा के सिरसा में अनाज मंडी के व्यापारी विनोद चांदवासिया के प्रतिष्ठान पर उसे बंधक बनाकर 14 लाख रुपये की हुई डकैती के मामले में दि आढि़तयान एसोसिएशन ने आज यहां बैठक कर कड़ा रोष व्यक्त किया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर आरोपी सोमवार तक गिरफ्तार नहीं हुए तो कारोबार ठप्प कर अनाज मंडी बंद करेंगे। वहीं दूसरी ओर पुलिस की चार टीमें वारदात को अंजाम देने वालों की तहकीकात में जुटी हुई हैं। आढ़ती एसोसिएशन के कार्यालय में आयोजित एक बैठक में एसोसिएशन प्रधान हरदीप सरकारिया ने कहा कि इस डकैती के साथ सभी आढ़ती एवं व्यापारी दहशत में है और यह डकैती पुलिस प्रशासन के सुरक्षा दांवों पर प्रश्र चिह्न अंकित करती है। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर दो दिनों में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो आढ़ती एसोसिएशन के बैनर तले आढ़ती अनाज मंडी बंद करने पर मजबूर होंगे। सरकारिया ने कहा कि आढ़ती राष्ट्र के विकास में अहम् भूमिका अदा कर रहे है। समय-समय पर कर भी अदा करते है। आढ़तियों को सुरक्षा मुहैया करवाना पुलिस प्रशासन की ड्यूटी है, लेकिन पुलिस प्रशासन अपनी ड्यूटी को सही ढंग से नहीं कर रहा। हर दूसरे तीसरे दिन छोटी-छोटी चोरियां अनाज मंडी में होती रहती है। करीब पांच माह पूर्व कपास मंडी में पहले 22 दुकानों के ताले टूटे पाए गए थे, जिसका आज तक कोई समाधान नहीं निकला और अब दिन दहाड़े 14 लाख रुपये का डाका पड़ गया। इससे तमाम आढ़तियों एवं व्यापारियों में दहशत का माहौल है। अगर आरोपी दो दिन में गिरफ्तार नहीं हुए तो सभी आढ़ती एवं व्यापारी अनाज मंडी बंद करने पर मजबूर होंगे। इस बैठक में उप प्रधान सुधीर ललित, कीर्ति गर्ग,विनोद खत्री, महासचिव कश्मीर कंबोज, कोषाध्यक्ष रविंद्र बजाज, दर्शन सिंह, विजेंद्र पचार, सुभाष जोधपुरिया, मनोहर मेहता, चरण सिंह, अजय कालड़ा, सुरेंद्र बांसल, महेंद्र बांसल, कृष्ण कंबोज, चमन मोंगा, ओम कंबोज, पुरुषोत्तम कालड़ा, नरेंद्र धीगड़ा, हन्नी अरोड़ा, सुभाष कस्वां, जगदीश चिटकारा, अनिल खौठ, राधेश्याम गंडा भी मौजूद थे।