हरियाणा में चलेगा मनोहर फैक्टर : गुर्जर
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में इस बार मनोहर फैक्टर चलेगा, जिसके सहारे निर्धारित किये गये 75 पार सीटों के आंकड़े को हासिल किया जाएगा। गन्नौर में भाजपा के सदस्यता अभियान को गति देने आये केंद्रीय राज्य मंत्री गुर्जर रविवार को मार्केट कमेटी गन्नौर के कार्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि लोकसभा चुनावों में देश में मोदी फैक्टर खूब चला। अब हरियाणा के विधानसभा चुनाव हैं, जिसमें मनोहर फैक्टर अपना काम करेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है, जिसकी लोकप्रियता लोगों के दिलों पर राज कर रही है। सामने कोई भी विपक्षी राजनीतिक दल नहीं है। दूसरे दल अपने घर के झगड़ों में उलझे हुए हैं, जबकि भाजपा जनता को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। गुर्जर ने कहा कि भाजपा ने देश-प्रदेश में सदस्यता अभियान का आगाज किया है, जिसके तहत भाजपा परिवार को 20 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हरियाणा विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत सदस्यता अभियान बहुत महत्वपूर्ण है। इससे संगठन को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से बूथ स्तर पर मजबूती प्राप्ति में सहयोग मिलेगा। पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जाएगी। हर बूथ पर पहले की अपेक्षा बड़ी संख्या की और अधिक मजबूत टीम का गठन किया जाएगा। हरियाणा विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के संदर्भ में पूछे सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने कहा कि देश में जिस प्रकार का माहौल बना है उसमें भाजपा का भविष्य उज्ज्वल दिखाई देता है। कई दशकों उपरांत केंद्र में किसी पार्टी ने पुन: सत्ता में वापसी की है। इसी प्रकार प्रदेश में भी भाजपा एक बड़ी जीत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। इस मौके पर अनिल झरोंठी, मनोज जैन, आजाद सिंह नेहरा आदि मौजूद थे।