रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल में हर्षोल्लास के साथ वृक्षारोपण पर्व मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल, उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा, लिटल एंजल्स इंक्ल्यूसिव स्कूल की प्रधानाचार्या सोनिया अरोड़ा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान लिटल एंजल्स स्कूल के नन्हे बच्चों व इंक्ल्यूसिव स्कूल के बच्चों को एक हजार पौधे बांटे गए। इस पौधारोपण व पौधे वितरण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रकृति की सुरक्षा के विषय में जागरुक करना था।
प्रधानाचार्या आशा गोयल ने बच्चों को बताया कि हमें पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पौधे जरूर लगाने चाहिएं और उनकी देखभाल करनी चाहिए। राष्ट्र को बीमारियों से बचाने व प्रदूषणमुक्त करने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर बच्चों ने भी शपथ ली कि हम पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने वातावरण को स्वच्छ रखने की भी शपथ ली। सभी बच्चों ने पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अपने-अपने विचार दिए और सभी को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में प्रतिवर्ष पर्यावरण की सुरक्षा और बच्चों को पर्यावरण के लिए जागरुक करने हेतु वृक्षारोपण व पौधे वितरण का यह कार्यक्रम एक सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में समाज व राष्ट्र के हित के लिए काफी महत्त्वपूर्ण साबित होते हैं। बच्चों में जोश व उत्साह देखते ही बनता था और सभी बच्चे पौधों को पाकर बहुत खुश थे। विद्यालय के चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग और सैक्रेटरी डॉ विशाल गर्ग ने सभी बच्चों को प्रकृति की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।