- -कुरूक्षेत्र की 48 कोस की परिधि में होंगे विशेष कार्यक्रम
- -गीता जयंती महोत्सव की तैयारियां शुरू
- – 12 से 14 दिसंबर तक जिला स्तर पर आयोजित होगा महोत्सव
- -सामाजिक धार्मिक संस्थाओं को भी महोत्सव में किया जाएगा शामिल
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना, जनसंपर्क तथा भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ0 अमित कुमार अग्रवाल तथा कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव विजय सिंह दहिया ने विडियों कांफ्रेंस के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ जिलास्तर पर 12 से 14 दिसंबर तक आयोजित किए जाने वाले गीता जयंती महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी करें तथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाए। कुरूक्षेत्र की 48 कोस की परिधि में पडऩे वाले पांच जिलों में विशेष कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। उपायुक्त ललित सिवाच ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिलास्तीय गीता जयंती महोत्सव की तैयारियां शुरू की दी गई हैं तथा उच्चाधिकारियों को ड्यूटी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन करवाया जाएगा।
उपायुक्त सिवाच ने कहा कि महोत्सव के लिए कार्यक्रम स्थल का चयन शीघ्र ही कर लिया जाएगा तथा जिला में कार्यरत सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के साथ बैठक आयोजित करके उन्हें भी इस महोत्सव में शामिल किया जाएगा। तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव के दौरान 12 दिसंबर को गीता पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित होगी जो तीनों दिन आम जनता के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी में देश की स्वतंत्रता की 75 वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रदेश की घटनाओं एवं स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा तथा हरियाणा गठन के बाद से अब तक प्रदेश की उन्नति की झलक भी प्रदर्शनी में देखने को मिलेगी। गीता के सार पर आधारित सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा गीता के संदेश तथा हरियाणावी संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 14 दिसंबर को स्कूली विद्यार्थियों द्वारा श्लोक उच्चारण किया जाएगा तथा भव्य नगर शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों तथा संस्थाओं द्वारा भव्य झांकियां निकाली जाएंगी।
एसडीएम शशि वसुंधरा ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण
उपायुक्त ललित सिवाच के निर्देश पर एसडीएम शशि वसुंधरा ने संबंधित अधिकारियों के साथ गीता जयंती महोत्सव के लिए हिन्दू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय न्यू कोर्ट रोड़ तथा एसएम हिन्दू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल पर आयोजित की जाने वाली प्रदर्शनी के स्टॉलों, मंच तथा दर्शकों के लिए बैठने के प्रबंधों के बारे में विचार-विमर्श किया। उन्होंने प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर होने वाले हवन यज्ञ की भी जानकारी ली। उन्होंने गीता के संदेश पर आधारित सेमिनार के बारे में भी विचार विमर्श किया।