रणबीर सिंह, सोनीपत। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी निखिल मदान ने शुक्रवार को सोनीपत नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कालोनियों में जनसंपर्क किया और लोगों से शहर के बुनियादी मुद्दों पर मतदान करने की अपील की। निखिल मदान ने कहा कि वह पिछले कई सालों से लगातार आमजन के बीच है और हर गली मोहल्ले की समस्याओं से वाकिफ है। नगर निगम चुनावों के बाद शहर के सभी रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से शुरू करवाना ही उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को निगम क्षेत्र के गांवों और शहरों की मूलभूत आवश्यकताओं के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सरकार में चेयरमैन रहते हुए भी उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कभी आवाज नहीं उठाई। आज सोनीपत की जनता भाजपा प्रत्याशी से शहर की पूर्व विधायिका एवं शहरी निकाय मंत्री द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यो को पूछ रही है, जिसका उनके पास कोई जवाब नहीं है। निखिल मदान ने शुक्रवार को गांव शाहपुर तुर्क, शास्त्री कॉलोनी, रेवली, राम नगर, जाट जोशी, इंडस्ट्रियल एरिया में डोर टू डोर किया। इस दौरान उनके साथ अशोक शर्मा, अशोक सरोहा, दलबीर मेहरा, पवन बंसल, भलेराम जांगड़ा, सुषमा, विक्की दहिया, दीपक जैन, रमेश प्रधान, विशाल भारद्वाज, अनिल डागर, मंजीत मलिक, रमेश बजाज आदि लोग मौजूद रहे।