रणबीर सिंह, सोनीपत। राई हलका के गांव असदपुर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर राई हलके के वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश रोहिल्ला ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आने के बाद उपाध्याय ने अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। युवाओं व नई पीढ़ी के लिए वे आदर्श एवं प्रेरणास्त्रोत हैं और रहेंगे। इस दौरान भाजपा नेता नरेश रोहिला ने प्लास्टिक को ना और मोदी को हां का संदेश प्रसारित करते हुए कपड़े के बने थैले बांटे।
नरेश रोहिल्ला ने आम जनमानस को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे प्लास्टिक को पूर्ण रूप से अलविदा कर दें। ऐसा करके ही हम पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित कर सकते हैं। रोहिल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यावरण संरक्षण को विशेष रूप से बढ़ावा दे रहे हैं। प्लास्टिक का प्रयोग पर्यावरण के लिए सर्वाधिक नुकसानदायक है। लोगों को इस बारे में गंभीरता से विचार करना होगा।