शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हर भारतवासी को योग करना चाहिए
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि योग आसन न केवल हमें शारीरिक बीमारियों के खिलाफ मजबूत बनाता है, वहीं मानसिक तौर पर भी स्वस्थ रखता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कोरोना संक्रमण की स्थिति में नियमित योग आसन हमारी दिनचर्या में होने चाहिए, ताकि पूरी एकजुटता के साथ कोरोना को हराया जा सके। रविवार को छठे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्व मंत्री कविता जैन ने अपने पति एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन के साथ घर पर योगाभ्यास किया। आमजन के लिए अपने संबोधन में पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते इस बार योग दिवस पूरे भारत में लोग अपने घरों में ही मना रहे हैं। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हर भारतवासी को योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है और हमें अनेकों बीमारियों से निजात मिलती है, जोकि शरीर के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि भारत देश ऋषि मुनियों का देश है। भारतीय संस्कृति विश्व भर में सर्वश्रेष्ठ संस्कृति है, जिसमें योग अध्यात्म धर्म कर्म इन सब की पूजा की जाती है। ऋषि-मुनियों ने हमें स्वस्थ रहने के लिए योग पूजा करने को कहा है। अगर हम नियमित योग करते रहेंगे तो हमें सभी बीमारियों से छूटकारा मिलेगा। स्वस्थ रहने का सबसे बड़ा मूल मंत्र योग है। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि योग करने से हम मन से और तन से मजबूत बनते हैं, जिस व्यक्ति का मन मजबूत होता है वह व्यक्ति कोई भी कार्य करने में सक्षम होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2105 में पूरे विश्व के अंदर योग के प्रति चेतना जगाते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया। उनके प्रयासों की बदौलत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मनाए जाने की वैश्विक मंजूरी मिली, जो पूरे राष्ट्र के लिए गर्व की बात थी। आज हर व्यक्ति योग से होने वाले फायदों के बारे में सभी भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि योग करने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। हम घर पर ही योग अच्छी प्रकार से कर सकते हैं और हमें पूरे परिवार के साथ योग करना चाहिए। कोरोना वायरस से लडऩे की इम्यूनिटी पावर भारतीयों में सबसे ज्यादा पाई गई है, जिसकी वजह से कोरोना महामारी से लडऩे के लिए भारत पूरी तरह से सक्षम है।