वर्चुअल रैली के माध्यम से जन-जन से रूबरू हुई जनता-जनार्दन
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। पूर्व शहरी स्थानीय एवं निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन भाजपा द्वारा देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत संकल्प लिया है, जिसे पूरा करने के लिए एक-एक कार्यकर्ता कड़ी मेहनत करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय अखंडता को सशक्त बनाने से लेकर व्यवहारिक एवं ऐतिहासिक निर्णयों से नागरिकों को भरोसा मजबूत हुआ है, जिसे हम भविष्य में भी बरकरार रखेंगे। रविवार को हरियाणा जन संवाद के तहत वर्चुअल रैली को सोनीपत विधानसभा में 25 स्थानों पर 500 से अधिक कार्यकर्ताओं तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से जुड़ते हुए हजारों कार्यकर्ताओं ने अपनी भागीदारी की। दिल्ली से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ अनिल जैन, पंचकूला से मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला एवं केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया की मौजूदगी एवं केंद्र सरकार के कामयाब 6 साल के दौरान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। सोनीपत अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने विचार रखते हुए पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश की जनता को आत्मनिर्भर एवं स्वावलम्बी बनाने के लिए महत्वपूर्ण मूल्यों के साथ मिलकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक साल में महत्वपूर्ण फैसले लेने के साहसिक कदम उठाते हुए वर्षो से लटके हुए अधूरे कार्यो को पूरा किया है। रामजन्म भूमि मंदिर विवाद लम्बे समय तक चला, लेकिन केन्द्र सरकार ने उसे चुटकी में निपटा दिया। इसके अलावा संविधान बनने के बाद से नासूर बनी हुई धारा 370 को हटाकर पूरे देश में एक राष्ट्र एक निशान करने का कार्य किया। मुस्लिम महिलाओं के लिए तीन तलाक महत्वपूर्ण मुद्दा निपटाया, जिसके कारण महिलाओं को अपमानित होना पड़ता था। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक लाकर अन्य देशों से आने वाले पीडि़तों का मान बढाया गया है। सरकार के इन ऐतिहासिक निर्णयों के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विश्व स्तर पर साख बढी है और विश्वव्यापी व्यक्तित्व के रूप मेें उभर कर आया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना का हल भी प्रधानमंत्री ने बड़े ही सरल तरीके से किया है। भारत अन्य देशों के मुकाबले सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहली कान्फ्रेस में ही वैसुदेव कुटुम्ब के आधार पर कार्य किया। इसलिए विश्व के कई देश प्रधानमंत्री मोदी का लोहा मानते है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह देश को आत्मनिर्भर लक्ष्य की ओर ले जाने के संकल्प के प्रति आमजन को जागरूक करें तथा उनका योगदान सुनिश्चित करवाएं। इस मौके पर सुरेन्द्र मदान, ब्रह्मपाल सैनी, डॉ संजय सेहरा, पुरुषोत्तम शर्मा, सुजीत राठी, सुरजीत दहिया, कुलदीप सैनी, सतीश गुप्ता, यशपाल गम्भीर, मनोज, हंसराज, प्रवेश आंतिल, संदीप, शुभम जैन, जगदीश, राजेन्द्र, कुलदीप राणा आदि मौजूद रहे।