राजेंद्र कुमार, सिरसा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं बागी नेता अशोक तंवर ने कहा कि पखवाड़ेभर में जितना ग्राफ भाजपा का गिरा है वर्णनीय है। ऐसा मैने अपनी जीवन में कभी नहीं देखा। उन्होंंने कहा कि कांग्रेस की भी प्रदेश में स्थिति खराब होने से तीसरे- चौथे पायदान पर चली गई है। अशोक तवंर आज यहां मतदान करने के उपरांत मीडिया से रूबरू हो रहे थे। अशोक तंवर ने दावा किया कि लोगों का रूझान दिन प्रतिदिन जजपा के प्रति बढ़ा है, जिससे प्रदेश में बहुमत के साथ जननायक जनता पार्टी सत्तारूढ़ होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन के दिन लद चुके हैं। उन्होंने अपने मरोड़ निकालने के वक्तव्य पर अडिगता दर्शाते हुए कहा कि 24 अक्तूबर को मरोड़ की गर्दन उनके हाथ में होगी तथा आप देखना की किसकी कैसे मरोड़ निकलती है। उन्होंने किसान, मजदूर, व्यापारी व बेरोजगारी की समास्या को चुनाव का मुख्य मुद्दा बताया। डॉ. तंवर ने कहा कि जननायक जनता पार्टी की सरकार बनेगी जिसमें बड़े फैसले लिए जाएंगे और लोकहित को प्रमुखता दी जाएगी। इसी तरह बाल भवन में बने मतदान केंद्र पर जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने अपनी माता नैना चौटाला व पत्नि मेघना के साथ ट्रेक्टर पर सवार होकर पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय मुद्दे अर्थहीन रहे तथा स्थानीय भारी पड़ें। उन्होंने दावा किया कि जजपा प्रदेश में सत्तारूढ़ होगी। दुष्यंत चौटाला ने भाजपा के 75 पार के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा 75 नहीं बल्कि यमुना पार होगी। भाजपा शासन के चलते हर वर्ग दुखी व परेशान है। नये यातायात नियमों की आड़ में किसान के गड्डे व अन्य वाहनों के भारी भरकम चालान काटे जा रहे हैं जिससे आमजन आहत है।