भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए तैयार : दुग्गल
>आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं : कृष्णा गहलावत<
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि प्रदेश में आज से मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सदस्यता अभियान की शुरूआत की गई है। पार्टी इस अभियान के जरिए 20 प्रतिशत और अधिक कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ेगी। पार्टी द्वारा प्रत्येक सांसद व मंत्रियों को अलग-अलग हलकों की जिम्मेदारी शौंपी गई है। उन्हें राई व रतिया विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी मिली है। आज इसी संदर्भ में राई विधानसभा के तीनों मण्डलों नाहरी, जाखौली व मुरथल के कार्यकर्ताओं से भी वह रूबरू होंगी। श्रीमती दुग्गल शनिवार को राई रेस्ट हाउस मं पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 13 लाख से अधिक कार्यकर्ता सरकार की नीतियों को जन-जन पहुंचाने के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले ही देश की पहली महिला वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन ने देशहित के लिए आम बजट पेश किया है। बजट में प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार देश की जीडीपी को तीन ट्रिलियन डॉलर तक लेकर जाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत ने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा पूरी तरह से विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किए हैं। इस अवसर पर कविता चौधरी, मोहनलाल बड़ौली, भाजपा नेता नरेश रोहिल्ला, पुनित त्यागी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।