- -सुमित कुमार ने अपनी मेहनत के बल पर किया देश व अपने समाज का नाम रोशन
- -सुमित कुमार ने सिखाया कि विपरित परिस्थितियों में भी कैसे बढ सकते हैं अपने जीवन में आगे
- -हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त ने सुमित कुमार व आशा कंडारा को किया सम्मानित
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि भारत की हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में कास्य पदक जीतकर वो काम किया जो हम 41 साल पहले कर पाए थे जब हमारा देश हॉकी का बादशाह होता था। भारत के हॉकी खिलाडिय़ों ने टाक्यो ओलंपिक में शेर की तरह विदेशी टीमों से लड़ते हुए हॉकी खेल में भारत को कास्य पदक दिलाया जो देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी। भारत की विजेता हॉकी टीम में एक खिलाड़ी था सुमित कुमार जिन्होंने मिल्ड फील्डर के तौर पर टीम की कमान संभाली और अपने अच्छे प्रदर्शन के बल पर देश को पदक दिलवाने में अपनी अहम भूमिका निभाई। सुमित कुमार ने देश के साथ-साथ अपने वाल्मिकी समाज का भी नाम रोशन किया।
हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त मुरथल विवि. में सफाई कर्मचारियों द्वारा आयोजित हॉकी खिलाड़ी सुमित कुमार के सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुमित कुमार ने अपने जीवन में बहुत ही गरीबी देखी है इसके साथ ही सुमित ने बहुत कम उम्र में ही बिमारी के कारण अपनी मां को खोना पड़ा। लेकिन इतना होते हुए भी उन्होंने अपने आप को संभाला और दिन-रात परिश्रम करते हुए भारतीय हॉकी टीम में अपनी जगह बनाई और ओलंपिक में अपनी मेहनत का लोहा मनवाते हुए देश को पदक भी दिलवाया जो बडे ही गर्व की बात है।
हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सुमित कुमार भी अपने समाज की तरह झाडू उठा सकता था, लेकिन इससे क्या होता क्या आज सुमित कुमार इस मुकाम पर खड़ा होता जहां आज खड़ा है। आज सारा समाज उसे देख रहा है कि उसने किस प्रकार अपने वाल्मिकी समाज तथा देश का नाम रोशन किया है। यह इसलिए हो सका क्योंकि सुमित कुमार ने झाडू की जगह अपने हाथ में देश का नाम रोशन करने के लिए हॉकी स्टीक उठाई और मैदान में उतर गया। इसलिए मैं समाज से आग्रह करता है कि आप अपने बच्चों के हाथों में झाडू की जगह कलम दें या खेलों में भेजे ताकि वह या तो पढ लिखकर बड़ा अधिकारी बने या अच्छे खेल प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करे। इस मौके पर उन्होंने सुमित कुमार को अपना आशीर्वाद देते हुए पदक जीतने पर शुभकामनाएं दी। अपनी कलम व शिक्षा की बदौलत ही राजस्थान सिविल सर्विस परीक्षा में अपना लोहा मनवाते हुए आरएएस आशा कंडारा को भी सम्मानित किया।
हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन के सदस्य डॉ० पवन धनवाल ने कहा कि सुमित कुमार व आशा कंडारा ने विषम परिस्थितियों में आगे बढते हुए जो लक्ष्य हासिल किया है वो काबले तारीफ है। हमें चाहिए कि हमें अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलानी चाहिए। जरूरी नहीं है कि वे समाज में पैदा हुआ है तो वह भी सफाई का कार्य ही करेगा। आरएएस आशा कंडारा ने यह साबित किया है कि यदि हम अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाते हैं तो वे अवश्य ही उच्च ओहदे पर पहुंच कर समाज का नाम ऊंचा करेंगे। वहीं यदि कोई बच्चा यदि खेल में आगे बढना चाहता है तो उसे हमें उसके खेल क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने भविष्य में अच्छा खेलने के लिए सुमित कुमार को शुभकामनाएं दी।
हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने सुमित कुमार व आशा कंडारा को बधाई देते हुए कहा कि हमारे समाज में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है कमी बस उसको आगे लाने की है। ऐसी ही प्रतिभा को उजागर करने के लिए हरियाणा की मनोहर सरकार दिन रात कार्य कर रही है। जब से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल बने है उन्होंने सफाई कर्मचारियों के विकास के लिए वो कार्य किए है जो आज तक कोई सरकार नहीं कर पाई। उन्होंने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को सरपंच के शोषण से आजादी दिलवाई। सफाई कर्मचारियों को अच्छे उपकरण व वर्दी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी मासिक तनख्वा भी 16 हजार तक की गई। इसके अलावा सरकार ने कर्मचारियों को बीमा भी किया अगर किसी सफाई कर्मचारी के सफाई के दौरान मृत्यु हो जाती है तो उसे पांच लाख तथा सामान्य मृत्यु पर दो लाख रूपये बीमे के तौर पर दिए जाते हैं। इस मौके पर उपाध्यक्ष राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग बबन रावत, कुलपति डीक्रस्ट डा० राजेन्द्र कुमार अनायत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर ली अधिकारियों की बैठक
कार्यक्रम के पश्चात हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने लघु सचिवालय में पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही हरियाणा में पंचायत चुनावों की तारीख घोषित हो जाएगी। जब तक तारीख घोषित नहीं होती तब तक हमें पंचायती चुनाव को लेकर की जाने वाली सामान्य तैयारियां पूरी कर लेनी चाहिए ताकि हमें आगे चलकर आसानी हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाताओं के नई वोट बनाने, किस कारण वोट काटने या स्थानांतरण करने संबंधी सभी पहलुओं पर जल्द कार्य पूरा किया जाए। इसके अलावा वेल्ट बॉक्स तथा एवीएम मशीनों से संबंधित जारी तैयारी कर लें। अपने बूथों को चैक कर लें वहां पर शौचालय, पेयजल, रैंप आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें ताकि चुनाव के समय किसी प्रकार की दिक्कत न आए। इस दौरान उपायुक्त ललित सिवाच ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन पुरी तरह तैयार है। सामान्य तैयारियों को लेकर प्रशासन द्वारा भी समय-समय पर बैठक कर सभी विषयों की समीक्षा की जा रही है। वोट बनाने संबंधित में सभी कार्य किए जा रहे है ताकि हर मतदाता पंचायती चुनाव में अपने मत का प्रयोग कर सके।