रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। गरीबों का दर्द वही जान सकता है, जिसने गरीबी में जीवन जिया हो, जो चांदी का चम्मच मुंह में लेकर पैदा होते हैं। वह गरीबों को बहका कर उनका मजाक तो उड़ा सकते हैं, परंतु गरीबों की मदद नहीं कर सकते। उक्त विचार पूर्व मंत्री और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्षा कविता जैन ने अन्नपूर्णा उत्सव के दूसरे दिन सिक्का कालोनी में बीपीएल परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब जन कल्याण योजना के तहत मुफ्त गेहूं वितरण करते हुए व्यक्त किये।
इस अवसर पर एल.ई.डी स्क्रीन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी नागरिकों को योजना की विस्तार से जानकारी दी। भाजपा नेता राजीव जैन ने मुरथल अड्डा पर एक डिपो पर दीप प्रज्वलित करके दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और कहा कि यह योजना दीन दयाल उपाध्याय के अंतोदय सिद्धांत की विचारधारा को मूर्त रूप प्रदान कर रही है। राजीव जैन ने कबीरपुर, सुरी पेट्रोल पंप वाली गली, विकासनगर, ककरोई रोड पर नागरिकों को गेहूं वितरित किया। पूर्व मंत्री अनिल ठक्कर ने प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण सोच की प्रशंसा की और जनमानस से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।