-
गृह कर विभाग एवं नागरिक सुविधा केंद्र का किया औचक निरीक्षण
-
सप्ताह के हर वीरवार को लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। नगर निगम मेयर निखिल मदान ने निगम कार्यालय में आमजन की समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर उनका समाधान किया। मुख्यत: लोगों ने बरसात के मौसम में जल भराव की समस्या सामने रखी। जिस पर मेयर निखिल मदान ने कहा की विभाग लगातार इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए काम क़र रहा है। ड्रेन नं 6 का काम लगातार तेज गति से चल रहा है और ड्रेन के नीचे नई सीवरेज लाइन डाली गयी है। जिसमें लगातार अलग-अलग कालोनियों के सीवरेज कनेक्शन जोड़े जा रहे हैं। ये कार्य पूरा होने पर अधिकांश शहर को जल भराव और सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से निजात मिलेगी।
मेयर निखिल ने नगर निगम परिसर में गृह कर विभाग और नागरिक सुविधा केंद्र में विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान मदान ने कहा कि नगर निगम की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। आज उन्होंने काम करवाने आये लोगों से यही पूछा कि उनका काम किस वजह से औऱ कितने दिन से लंबित है, इसके बाद सम्बन्धित निगम कर्मी से जवाब मांगा गया और जनता के काम को जान बूझकर लटकाने वाले निगम कर्मचारियों को सख्त और अंतिम चेतावनी दी गई। अगर अब भी ऐसे कर्मचारी काम नहीं करेंगे तो उनके ऊपर विभागीय कार्यवाही करना तय है। मेयर ने नगर निगम संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र से मिलकर सभी विकास कार्यों में तेजी लाने की भी मांग रखी। इस दौरान उन्होंने निगम कार्यालय में गृहकर विभाग के सभी कर्मचारियों की बैठक ली और व्यवस्था सुधारने के लिए दिशा निर्देश दिए।