हिसार, राजेश सलूजा। शिक्षा व साहित्य जगत से जुड़े हिसार के डॉ. संदीप कुमार सिंहमार को ऑर्गेनाइजेशन फॉर सोशल एण्ड कल्चरल अवेयरनैस (ओस्का) का हरियाणा राज्य कोर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति का निर्णय नई दिल्ली में आयोजित ओस्का की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। ओस्का के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. संदीप कुमार सिंहमार को यह जिम्मेवारी उनके सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यो में समर्पण को देखते हुए सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि ऑर्गेनाइजेशन फॉर सोशल एण्ड कल्चरल अवेयरनैस (ओस्का) एक स्वैच्छिक रूप से कार्य करने वाला गैर-राजनैतिक संगठन है। यह एक सांस्कृतिक आंदोलन है जो समाज को शास्त्रीय संगीत,लोक संगीत एवं अन्य कलाओं के प्रति आकर्षित करके उनमें भारत की अमूल्य, विविध एवं समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के प्रति रूचि जगाता है व सामाजिक जागरूकता का कार्य भी किया जाता है। यह संगठन कलाओं को बढ़ावा देने के साथ इनको माध्यम बनाकर समाज में फैली कुरीतियों के प्रति जनजागरण करता है। बुराइयों से बचने के उपायों पर रोशनी डालता है, जिसके अन्तर्गत विभिन्न कार्यशालाएं, नुक्कड़ नाटक, मंच-प्रदर्शन, सेमिनार, विचार गोष्ठी आदि का आयोजन किया जाता है।
ओस्का विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं गॉंवों-शहरों में व्याख्यान, लद्यु नाटिका, सांस्कृतिक कार्यक्रमों,शास्त्रीय संगीत, गज़ल, भजन व हस्ताक्षर अभियान, पेंटिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं कविता पाठ आदि के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का कार्य कर रहा है। उन्होने बताया कि डॉ. संदीप कुमार सिंहमार की नियुक्ति से हरियाणा राज्य में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों को एक नई दिशा मिलेगी। डॉ संदीप सिंहमार ने उनकी नियुक्ति के लिए ओस्का के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि वे अपना कार्य पूरी लग्न और निष्ठा से करेंगे। उनको जो जिम्मेवारी सौंपी गई है,उस पर खरा उतरेंगें।