21 लाख की धनराशि से होगा गली निर्माण एवं विभिन्न गलियों के मरम्मत का कार्य
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। शनिवार को नगर निगम सोनीपत मेयर निखिल मदान ने निगम क्षेत्र के गांव राई में गली निर्माण और मरम्मत के कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्थानीय पार्षद और सबंधित निगम अधिकारी जेई कृष्ण दहिया एवं ग्रामीण उनके साथ मौजूद रहे। मेयर निखिल मदान ने बताया कि कई सालों से ग्रामीण गली के पक्का ना होने के चलते बेहद परेशान थे। चुनाव प्रचार के दौरान भी लोगों ने उनके आगे अपनी समस्या बताई थी। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने निखिल मदान का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। निखिल मदान ने कहा कि बरसात के समय यहां जलभराव होता था, जिसके चलते लोगों का आना जाना भी दूभर हो गया था।
नगर निगम हाउस की बैठक में इस कार्य को पास करवाया था, जिसे आज चालू कर दिया है और जल्द ही पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई ऐसे टेंडर कार्य योजना में है, जिनका कार्य कोरोना महामारी के चलते रुक गया था। ऐसे सभी कार्यों को दोबारा शुरू किया जा रहा है और उन्हें तय समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा। इसके उपरांत मेयर निखिल मदान ने विधायक सुरेन्द्र पंवार और निगम पार्षद के साथ इंडियन कॉलोनी की गली नं 7 और 8 के पक्के किये जाने के कार्य का भी शुभारंभ किया। मौके पर मेयर ने सम्बन्धित ठेकेदार और निगम अधिकारियों को गली निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। इस दौरान ईश्वर सिंह, राकेश, राजकुमार, विनोद, जुगल ज्योति, शुभम आदि लोग मौजूद रहे।