एक मरीज को चिकित्सक में भगवान का रूप दिखाई देता : अनीता रोहिल्ला

एक मरीज को चिकित्सक में भगवान का रूप दिखाई देता : अनीता रोहिल्ला

चिकित्सक सच्चे मायनों में मानवता के योद्धा : रविन्द्र रोहिला राजपूत

बागपत। विश्व रोहिल्ला राजपूत संघ की महिला राष्टीय अध्यक्ष अनीता रोहिल्ला राजपूत ने डॉक्टर्स-डे पर कहा कि हम सबको पता है कि डाक्टरों का कार्य सीधे-सीधे मानव सेवा से जुड़ा है। इतना अधिक संवेदनशील कार्य शायद ही कोई और हो। कोरोना काल में सभी चिकित्सकों ने एकजुटता से कार्य किया और लोगों की सेवा की। एक मरीज को चिकित्सक में भगवान का रूप दिखाई देता है। एक जुलाई को देश के महान चिकित्सक बिधानचंद्र रॉय की याद में मनाया जाता है।

यह खास दिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वाले उन तमाम डॉक्टरों को समर्पित है, जो हर परिस्थिति में डॉक्टरी मूल्यों को बचाए रखते हुए अपना फर्ज निभाते हैं और मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराते हैं। भारत सरकार ने सबसे पहले नेशनल डॉक्टर डे वर्ष 1991 में  मनाया था। उन्होंने बताया कि डॉक्टर बिधानचंद्र रॉय को उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए पश्चिम बंगाल राज्य का आर्किटेक्ट भी कहा जाता था। उनकी 80 वर्ष की आयु में 1962 में अपने जन्मदिन के दिन एक जुलाई को उनकी मृत्यु हो गई।

विश्व रोहिल्ला राजपूत संघ के संस्थापक रविन्द्र रोहिला राजपूत ने कहा कि डॉक्टर बिधानचंद्र रॉय का जन्म एक जुलाई 1882 को बिहार के पटना जिले में हुआ था। डॉ. राय ने कोलकाता में अपनी मेडिकल की शिक्षा पूरी करने के बाद लंदन से उपाधि प्राप्त की। जिसके बाद साल 1911 में भारत में उन्होंने अपने चिकित्सकीय जीवन की शुरुआत की। इसके बाद वो कोलकाता मेडिकल कॉलेज में व्याख्याता बने। उन्होंने राजनीति में कदम रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य का पद चुना। हालांकि बाद में उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का पद भी संभाला। डॉ. राय को बाद में भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था। उन्हीं की याद में यह दिवस मनाया जाता है।

रविन्द्र रोहिला राजपूत ने कहा कि कोरोना काल में हमारे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने अपना जीवन खतरे में डालकर आम आदमी के जीवन को बचाने का कार्य किया है। चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं का ही यह परिणाम है कि कोविड की आज जो स्थिति सुधर रही है उसमें उनका अहम योगदान है। चिकित्सक सच्चे मायनों में मानवता के योद्धा हैं। नेशनल डॉक्टर्स डे समाज में चिकित्सकों के महत्व और योगदान को समझने का भी दिन है।

राजनीति हरियाणा हेल्थ