21 लाख 54 हज़ार की धनराशि से होगा 300 मीटर लम्बी गली का कायाकल्प
मेयर निखिल मदान ने कहा कि सभी रुके हुए विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाना ही उनका मुख्य उद्देश्य
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। शनिवार को नगर निगम सोनीपत मेयर निखिल मदान ने निगम क्षेत्र के गॉंव शामाबाद की वर्षों से चली आ रही मांग पूरी की। लगभग 300 मीटर लम्बी मुख्य गली के निर्माण कार्य को शुरू करवाया। मेयर ने बताया कि कई सालों से स्थानीय ग्रामवासी मुख्य गली के पक्का ना होने के चलते बेहद परेशान थे। चुनाव प्रचार के दौरान भी लोगों ने उनके आगे अपनी समस्या बताई थी।
ग्रामीणों ने कहा था कि वो पिछले 5 साल से लगातार अधिकारियों और प्रशासन से अनुरोध कर रहे थे कि ये गली बनवाई जाए, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मेयर निखिल मदान ने अपना कार्यभार सम्भालते ही उनकी गली का टेंडर पास करवाया और अब कार्य शुरू करवाया। इसके लिए सभी ग्रामवासी उनका आभार प्रकट करते है। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने निखिल मदान का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। मदान ने कहा कि बरसात के समय यहां जलभराव होता था, जिसके चलते लोगों का आना-जाना भी दूभर हो गया था।
नगर निगम हॉउस की बैठक में स्थानीय पार्षद औऱ उन्होंने इस कार्य को पास करवाया था, जिसे आज चालू कर दिया है और जल्द ही पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई ऐसे टेंडर कार्य योजना में है, जिनका कार्य कोरोना महामारी के चलते रुक गया था। ऐसे सभी कार्यों को दोबारा शुरू किया जा रहा है, उन्हें तय समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा। मौके पर मेयर निखिल मदान ने सम्बन्धित ठेकेदार और निगम अधिकारियों को गली निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत देते हुए कहा कि वो स्थानीय पार्षद के साथ स्वयं काम की गुणवत्ता की जांच करेंगे। इस दौरान मुनिराम, निगम जेई कृष्ण दहिया, सन्दीप खत्री, जानू खत्री, वेद प्रकाश, रमेश खत्री, ओम प्रकाश, हरीश रावल, सुधीर, जुगल ज्योति, शुभम आदि लोग मौजूद रहे।