संतों ने सदैव समाज को सही राह दिखाई : राजीव जैन

संतों ने सदैव समाज को सही राह दिखाई : राजीव जैन

संत कबीर की शिक्षा और संदेश आधुनिकता के इस दौर में भी प्रासंगिक
-पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने किया संत गुरु कबीर दास को नमन
-सुंदर सावरी स्थित कबीर भवन में राजीव जैन ने किया कबीर जयंती का शुभारंभ

रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। ऐसी वाणी बोलिये मन का आपा खोय, औरन को शीतल करे खुद भी शीतल होय। संत कबीर दास के इस दोहे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने संत कबीर को नमन किया। साथ ही उन्होंने जिला एवं प्रदेशवासियों को संत कबीर जयंती की बधाई दी। सुंदर सावरी स्थित कबीर भवन में गुरुवार को धानक समाज कबीर संघ के तत्वावधान में संत गुरु कबीर दास की जयंती का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने किया।

उन्होंने संत कबीर की तस्वीर पर माल्यार्पण करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने लोगों को प्रोत्साहित किया कि वे संत कबीर की शिक्षाओं और संदेश का अनुसरण कर जीवन को सफल बनायें। जैन ने कहा कि संत कबीर एक क्रांतिकारी संत थे, जिन्होंने सदैव अंधविश्वास का विरोध किया। संत कबीर ने व्यर्थ के पाखंडवाद का विरोध करते हुए लोगों का उचित मार्गदर्शन किया। उन्होंने समाज में फैली बुराइयों का भी विरोध किया। आज भी हमारे समाज में इस प्रकार की सामाजिक बुराई मौजूद हैं, जिनको जड़ से खत्म किया जाना चाहिए।

आधुनिकता के इस दौर में भी अंधविश्वास कायम है, जिससे समाज के उन्नति के मार्ग अवरूद्ध होते हैं। जैन ने कहा कि हमारे संतों ने सदैव समाज को सही राह दिखाई है। हमें अपने संतों के दिखाये मार्ग पर चलना चाहिए, जिससे मानव का कल्याण सुनिश्चित होता है। हमें अपने संतों को सदैव स्मरण रखना चाहिए। यही कारण है कि भाजपा ने संतों की जयंती आयोजित करने की अनूठी शुरुआत की है, जिससे हमारी नई पीढ़ी अपने संतों-महापुरुषों से परिचित होती है। इससे संस्कृति का प्रचार-प्रसार भी होता है। भाजपा हर समाज के संतों की जयंतियां मना रही है। कोरोना काल में ऐसे आयोजनों को स्थगित करना पड़ा था, किंतु अब कोरोना पर नियंत्रण के साथ ही पुन: इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की शुरुआत की गई है।

धर्म-कर्म राजनीति हरियाणा