भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट ने हलका आदमपुर का किया दौरा, लोगों की समस्याओं का मौके पर करवाया समाधान
हिसार, राजेश सलूजा, राजेश क्वात्रा। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हलका आदमपुर से पार्टी प्रत्याशी रही सोनाली फोगाट ने हलका आदमपुर का दौरा किया और लोगों की समस्याएं सुनी। समस्याओं का मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए समाधान करवाया। भाजपा नेत्री ने आदमपुर क्रांति चौक पर चल रहे सीवरेज लाइन डालने के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ व अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि यहां पर सीवरेज लाइन को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग और रेलवे के बीच विवाद चल रहा था। भाजपा नेत्री फोगाट ने इसको लेकर केंद्रीय रेलवे मंत्री पीयूष गोयल से बातचीत कर इसका समाधान करवाया था। सीवरेज लाइन बिछाने को लेकर मुख्यमंत्री मनोहरलाल से एक करोड़ 10 लाख रुपए मंजूर करवाकर दिलाने का काम किया था।
इसके अलावा आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त करने को लेकर 47.5 करोड़ रुपए की राशि मुख्यमंत्री मनोहरलाल द्वारा दी गई है। विधानसभा क्षेत्र के 10 गांवों में ट्यूबवैल लगवाए गए हैं। मल्लापुर व उसके साथ लगते गांव महलसरा में जलघर के निर्माण के लिए तीन करोड़ व दो करोड़ रुपए की राशि मंजूर करने को लेकर मुख्यमंत्री मनोहरलाल का आभार व्यक्त किया। इस दौरे के दौरान सोनाली फोगाट ने आदमपुर के सिविल अस्पताल का दौरा किया और वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाया। इसके बाद उन्होंने आदमपुर के लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में पार्टी कार्यकर्ताओं व आम जनता की समस्याएं सुनी।
इसके अलावा उन्होंने अंबेडकर नगर के लोगों की पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर मोहल्ले में पहुंची और विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा नेत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आदमपुर हलका के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री भी आदमपुर हलका के विकास को लेकर खुल कर बजट दे रहे हैं। हलका में जिस प्रकार तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, उनके चलते आने वाले समय में हलका आदमपुर विकास के मामले में काफी आगे होगा। इससे पूर्व फोगाट ने आदमपुर के राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित समारोह मे भागीदारी की और योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसके बाद गांव मोडाखेड़ा में पार्टी द्वारा आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भागीदारी की।
उन्होंने गांव में पार्टी की महिला मोर्चा नेत्री रविना के आवास पर जलपान व पार्टी कार्यकर्ता श्रवण के घर पर भोजन किया। इसके बाद वो गांव स्थित गौशाला में पहुंची और गायों को गुड़ खिलाया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खारिया, महिला मोर्चा की जिला सचिव रवीना मोडाखेड़ा, बालसमंद मंडल अध्यक्ष सुरजभान महला, आदमपुर मंडल अध्यक्ष सुग्रीव थालोड, घनश्याम शर्मा, संदीप बिलेवाल, अजय सरपंच चुली बागडिय़ान, पूर्व चेयरमैन सुखबीर डूडी, मुनीष ऐलावादी, भाजयुमो के बालसमंद मंडल अध्यक्ष प्रदीप, काजला मंडल अध्यक्ष एडवोकेट विशाल, आदमपुर के मीडिया प्रभारी प्रवीन सैनी व पब्लिक हेल्थ के एसडीओ विजयपाल समेत भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।