रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। शनिवार को नगर निगम के मेयर निखिल मदान ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर शहर के जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना महामारी के कारण पैदा हुए आर्थिक और सामाजिक संकट में कांग्रेस पार्टी देश के लोगों के साथ मज़बूती से खड़ी है। आज के दौर में राहुल गांधी एकमात्र नेता है जो देश के गरीब मजदूर वर्ग की बात करते हैं और उनके मुद्दे उठाते है। सरकार तो सिर्फ पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रही है।
निखिल मदान ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर पार्टी के निर्देशों के तहत हर जगह पर कोरोना वॉरियर्स का सम्मान किया जा रहा है, जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। राहुल गांधी पहले ही कह चुके है कि उनके जन्मदिन पर सभी कार्यकर्ता उत्सव मनाने की बजाए गरीबों और जरूरतमंद लोगों की मदद करें। निखिल मदान ने राहुल गांधी का इस मुहिम के लिए आभार जताते हुए ईश्वर से उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस अवसर पर कृष्णा चैरिटेबल सोसाइटी के स्वयंसेवकों द्वारा सभी लोगों को भोजन दिया गया। मदान ने बताया कि वो लगातार कोरोना संकट में लोगों के बीच है और हर जरूरतमंद की सहायता के लिए तैयार है। इस अवसर पर सन्दीप मलिक, शुभम जैन, कुलदीप वत्स, शुभम शर्मा, चिराग, जुगल ज्योति, सुमित जांगड़ा आदि मौजूद रहे।