- तन-मन को स्वस्थ रखने के लिए योग को बनायें जीवन का अभिन्न अंग : कविता जैन
- – भारतीय संस्कृति का अटूट अंग है योग जो देता निरोगी काया : राजीव जैन
- – आचार्य हरज्ञान आर्य के निर्देशन में योग क्रियाओं व योगासनों का किया गया अभ्यास
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। पूर्व केबिनेट मंत्री कविता जैन और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं। दोनों ने सेक्टर-15 स्थित अपने आवास के निकट पार्क में शनिवार को आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा भी लिया। उन्होंने योग दिवस मनाने को लेकर विचार-विमर्श करते हुए लोगों को इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित भी किया। हरियाणा योग आयोग और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा, जिसके लिए योगाभ्यास कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। इस कड़ी में आचार्य हरज्ञान आर्य के निर्देशन में सेक्टर-15 स्थित पार्क में प्रोटोकॉल अनुसार योगाभ्यास किया गया, जिसमें पूर्व मंत्री कविता जैन व पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने योग क्रियाओं और योगासनों का अभ्यास किया। सेक्टर वासियों ने भी योगाभ्यास कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पूर्व मंत्री कविता जैन ने इस मौके पर कहा कि कोविड-19 कोरोना वायरस के चलते बीते वर्ष इस प्रकार से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन नहीं किया जा सका था। किंतु योग से इम्यूनिटी को मजबूती मिलती है। अब कोरोना वायरस पर नियंत्रण भी पाया जा चुका है। ऐसे में सरकार योग दिवस मना रही है। हरियाणा के सभी जिलों में 50-50 स्थानों पर योग दिवस मनाया जाएगा, जिनमें कम से कम 50 व्यक्ति हिस्सा लेंगे। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का भी ध्यान रखा जाएगा। प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री आवास पर आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल हिस्सा लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। उनके संदेश का जिलों में सीधा प्रसारण किया जाएगा।
पूर्व मंत्री ने लोगों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि तन-मन को स्वस्थ रखने के लिए योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। दौड़ती-भागती जिंदगी में कुछ मिनट योग के लिए निकालने चाहिए। इससे हमें तनावमुक्त रहने में मदद मिलेगी। योग से लाभ ही लाभ है, जिसका फायदा हर व्यक्ति को उठाना चाहिए। योगाभ्यास के दौरान कराई जाने वाली योग क्रियाओं व योगासन नियमित रूप से किये जाने पर अत्यधिक लाभ मिलेगा। राजीव जैन ने कहा कि योग, भारतीय संस्कृति का अटूट अंग है। इससे हमारी संस्कृति व सभ्यता का परिचय मिलता है। योग हिंदुस्तान की देन है, जिसे विदेशों में भी उत्साह के साथ अपनाया जा रहा है।
इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है, जिनके प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जाने लगा है। योग के सहारे हम पुन: विश्व गुरू की उपाधि हासिल करेंगे। हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने योग को जन-जन व घर-घर तक पहुंचाया है। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। जैन ने कहा कि योग हमें निरोगी काया प्रदान करता है। नियमित रूप से योग करने वाला व्यक्ति बिमारियों से दूर रहता है। इस प्रकार योग बेहद लाभकारी है। निरोगी काया ही असली धन है। इसके लिए योग को अपनाना जरूरी है। सेक्टर-15 स्थित पार्क में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जिसके लिए 20 जून तक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।