-चार महिला खिलाड़ी व दो पुरूष खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक में दिखाएंगे दमखम
– उपायुक्त ललित सिवाच ने बधाई के साथ बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दी शुभकामनाएं
-जिला में 20 स्थानों पर बनायेंगे ओलंपिक सेल्फी प्वाईंट
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। जिले के खिलाडिय़ों ने एक नया इतिहास रच दिया है। यह कहना है उपायुक्त ललित सिवाच का। उन्होंने कहा कि सोनीपत जिला के छह खिलाडिय़ों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है, जिनमें चार महिला खिलाड़ी और दो पुरूष खिलाड़ी शामिल हैं। जिला ही नहीं प्रदेश के लिए यह गौरवमयी उपलब्धि है।
उपायुक्त ललित सिवाच ने टोक्यो ओलंपिक के लिए चुने गए सभी खिलाडिय़ों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने चयनित खिलाडिय़ों को ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा कि कुश्ती और हॉकी में सोनीपत के खिलाडिय़ों ने सदैव चमक बिखेरी है। एक बार पुन: इन दोनों खेलों में जिला के खिलाडिय़ों ने जिले का नाम रोशन किया है। खेलों की धरती सोनीपत के इन खिलाडिय़ों से सभी को सफल प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस दौरान जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी ज्योति रानी ने बताया कि 23 जुलाई 2021 से 5 सितम्बर 2021 तक टोक्यो (जापान) में आयोजित होने वाले ओलम्पिक खेलों में भाग लेने के लिए मोनिका मलिक (हॉकी), निशा (हॉकी), नेहा (हॉकी), सुमित (हॉकी), रवि दहिया (रेससिंग) तथा सोनम मलिक (रेससिंग) ने क्वालीफाई किया है। मोनिका मलिक गामड़ी गांव की है व निशा वैस्ट राम नगर सोनीपत की, नेहा आर्य नगर सोनीपत की, रवि दहिया नाहरी गांव के तथा सोनम मलिक मदीना गांव की और सुमित कुराड़ गांव के निवासी हैं।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण तथा भारतीय ओलम्पिक संघ द्वारा पूरे देश में क्वालीफाई खिलाडियों का ओलम्पिक में भाग लेने से पूर्व मनोबल बढाने तथा अन्य खिलाडिय़ों को उनके प्रति प्रेरित करने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा शुभकामनाएं एवं बधाई हेतू अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्वालीफाई खिलाडिय़ों के अभिभावकों को गणमान्य व्यक्तियों से सम्मानित करवाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि जिले में 20 स्थानों पर ओलम्पिक सेल्फी प्वाईंट भी बनाया जाएगा। इससे खेल प्रतिभाओं को पे्ररणा व प्रोत्साहन मिलेगा।