राजेन्द्र कुमार, सिरसा। पेट्रोल व डीजल की कीमतों में भारी भरकम बढ़ोतरी के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा के निर्देशानुसार देश व प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसी कड़ी में सिरसा में कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में हाथों में पेट्रोल व डीजल की बढ़ोतरी का अनेकों बैनर लेकर पेट्रोल पंप व सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता होशियारीलाल शर्मा, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी, पूर्व विधायक भरतसिंह बेनीवाल, जिला कोर्डिनेटर सुभाष जोधपुरिया सहित अनेक नेता मौजूद थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता होशियारीलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते महामारी के समय में भी पेट्रोल व डीजल के रेटों में भारी भरकम बढ़ोतरी करके जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। एक तरफ जनता कोरोना से जूझ रही है। दूसरी तरफ सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल के रेटों में बढ़ोतरी करके महंगाई को बढ़ावा दे रही है। पिछले 5 महीने में लगभग 45 बार पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी व पूर्व विधायक भरतसिंह बेनीवाल ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देश आर्थिक मंदी की चपेट में है और महंगाई आसमान छू रही है, जिसके कारण आम जनता का घर का बजट बिगड़ चुका है। देश आर्थिक मंदी में चल रहा है उससे उबरने के लिए कोई ठोस पॉलसी बनाकर देश में लागू करनी चाहिए, ताकि जनता को महंगाई की मार से बचाया जा सके। इस मौके पर लादूराम पुनिया, प्रेम शर्मा, पालासिंह कंबोज, आरसी लिंबा, उर्मिल भारद्वाज, विनोद गोदारा, अनुराधा नाजर, मलकीत सिंह, मनमोहन मिढा, नायबसिंह थिराज, सुभाष खत्री व संगीत कुमार मौजूद थे।