रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। प्रदेश भर में 7 दिन के पूर्ण लॉकडाउन के बाद असर दिखना शुरू हो गया है। प्रवासी मजदूर अपने घरों की तरफ पलायन करना शुरू कर गए हैं। हरियाणा के सोनीपत रेलवे स्टेशन पर काफी संख्या में मजदूर ट्रेन का इंतजार करते हुए नजर आए। मजदूरों को पिछले साल की तरह पैदल जाने का डर सता रहा है, इसीलिए मजदूरों ने पलायन शुरू कर दिया है।
हरियाणा की प्रदेश सरकार ने वीकेंड लॉकडाउन की घोषणा शुक्रवार को की थी। उसके बाद सोमवार की सुबह 5 बजे वीकेंड लॉकडाउन समाप्त होने से पहले ही प्रदेश की सरकार ने 7 दिन का सम्पूर्ण लॉकडाउन करने की घोषणा कर दी। लॉकडाउन के पहले दिन सोनीपत के रेलवे स्टेशन पर मजदूरों का पलायन देखा गया। जहां राई, कुंडली समेत अलग-अलग क्षेत्रों से मजदूर अपने परिवारों के संग अपना सामान लेकर अपने गांव जाना शुरु हो गए हैं। आप तस्वीरों में देख सकते हैं मजदूरों के सिर पर सामान की गठरी है और साथ छोटे-छोटे बच्चे हैं। कोरोना का डर उन्हें अपने घर जाने को मजबूर कर रहा है। मजदूरों का डर जायज भी है, क्योंकि पिछले साल का लॉकडाउन मजदूर भूल नहीं पाये हैं। मजदूर सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पूरे परिवार को साथ लेकर ट्रेन का इंतजार करते हुए बैठे नजर आए। हालांकि कई मजदूरों से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन मजदूर बोलने को तैयार नहीं थे।
एक मजदूर ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि सरकार ने कहा था कि लॉकडाउन नहीं लगेगा, लेकिन पहले साप्ताहंत लॉकडाउन लगाया गया। फिर 7 दिन का पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है, ऐसे में क्या पता सरकार इसे आगे तक बढ़ा दे। अगर ऐसा हुआ तो उनके परिवार के सदस्यों पर काफी परेशानी का बोझ पड़ जाएगा। इसीलिए समय रहते हुए लॉकडाउन के पहले दिन ही मजदूर अलग-अलग माध्यमों से पलायन करते नजर आए।