-पौधारोपण आज के समय की मांग, नियमित रूप से पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण को दें मजबूती : उपायुक्त
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने चीनी मिल में मिनी ऑक्सिजन बाग का शुभारंभ करते हुए युवाओं को अधिकाधिक ऑक्सीजन बाग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि एकजुट प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण पर लगाम लगेगी। ट्री-मैन देवेंद्र सूरा के अथक प्रयासों से उनके पर्यावरण मित्रों द्वारा चीनी मिल में मिनी ऑक्सीजन बाग स्थापित करवाया गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने शनिवार को सोनीपत चीनी मिल में राष्टï्रीय वट वृक्ष का पौधा लगाया।
इस दौरान श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में मिल में कार्यरत श्रमिकों द्वारा भी मिनी ऑक्सीजन बाग में पौधारोपण किया गया। उन्होंने जिलावासियों का आह्वान किया कि वे अधिकाधिक पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिस गति से प्रदूषण बढ़ रहा है उसी गति से पर्यावरण संरक्षण की भी जरूरत है। उपायुक्त ने कहा कि जिस प्रकार हमें जीवित रहने के लिए फेफड़ों की जरूरत पड़ती है उसी प्रकार कुदरत को पेड़-पौधों रूपी फेफड़ों की आवश्यकता होती है। किंतु भौतिकवाद में कुदरत के साथ किये गये खिलवाड़ ने संकट पैदा कर दिया है। अब समय रहते मानव को अपनी भूल सुधारनी होगी। इसके लिए पर्यावरण संरक्षण का हर संभव प्रयास करना होगा। यह देशभक्ति का कार्य है। हमें अपने समाज व राष्ट्र के संरक्षण के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए।
हमें केवल पौधारोपण तक ही सीमित नहीं रहना
उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने नियमित रूप से पौधारोपण के लिए आम जनमानस का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण आज के समय की मांग है। प्रकृति की आवश्यकता है, जिसे नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। हमारे खुद के और आने वाली पीढ़ी के सुखद एवं सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण अति आवश्यक है। इसके लिए पौधारोपण करना होगा। उन्होंने कहा कि हमें केवल पौधारोपण तक ही सीमित नहीं रहना, अपितु पौधा लगाने के बाद उसके पूर्ण संरक्षण की जिम्मेदारी भी लेनी होगी। जब तक पौधा एक वटवृक्ष का रूप धारण नहीं करता तब तक उसका संरक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा कि चीनी मिल में लगभग 50 राष्टï्रीय पक्षियों का बसेरा है। इनके अलावा चीनी मिल में अधिक हरियाली होने के कारण यहां और भी बहुत से पक्षियों ने अपना बसेरा बना रहा है।
यहां पर इन पक्षियों के लिए प्रतिदिन बाजरा बिखेरा जाता है, ताकि यह भूखे न रहे। उपायुक्त ने कहा कि यहां इनके संरक्षण के लिए यह मिनी ऑक्सीजन बाग बनाया गया है। इस मिनी ऑक्सीजन बाग में ज्यादातर गुलर के पौधे लगाए गए है। चीनी मिल में श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में मिनी ऑक्सीजन बाग विकसित किया गया है, जिसका नाम श्रमिक वाटिका रखा गया है, जिसमें उपायुक्त श्याम लाल पूनिया के नेतृत्व में लगभग 100 छायादार पौधे लगाये गये हैं। इनमें बड़, पीपल, नीम, पिलखन, गुलर इत्यादि शामिल रहे। इस दौरान चीनी मिल के एमडी सुरेन्द्र सिंह दून ने भी पौधारोपण किया। इस मौके पर देवेन्द्र पहल, बृज मोहन, रणधीर सिंह बेनिवाल, अविनाश, विरेन्द्र सिंह व बिजेन्द्र, नरेश, नवीन, सुरेश, सोनू, संजू, सतिश, स्वामी, पाले राम, रविन्द्र तथा रणबीर के अलावा पर्यावरण मित्र विक्की, राहुल, प्रशांत, अजय आदि उपस्थित थे।