पूर्व मीडिया सलाहकार जैन ने न्यू महावीर कालोनी में रखी शिव मंदिर की आधारशिला, – ईश आराधना हमारी संस्कृति व संस्कारों में निहित
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जैन ने सोमवार को न्यू महावीर कालोनी में शिव मंदिर की आधारशिला रखी। उन्होंने कालोनीवासियों को इसकी बधाई देते हुए कहा कि शीघ्रातिशीघ्र मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण करवाया जाएगा। भाजपा नेता राजीव जैन ने शिव मंदिर निर्माण का शिलान्यास करते हुए कहा कि यह हमारी संस्कृति के परिचायक हैं। संस्कारों के सूचक हैं। ईश आराधना हमारी संस्कृति व संस्कारों में निहित है। नई पीढ़ी को आवश्यक रूप से यह संस्कार देने चाहिए। इससे मानसिक बल मिलता है। सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नकारात्मकता दूर होती है। जीवन में निराशा दूर करने के लिए सकारात्मक होना बहुत जरूरी है, जिसके लिए सकारात्मक माहौल की जरूरत पड़ती है। इस आवश्यकता को संस्कृति व संस्कारों से पूरा किया जा सकता है।
जैन ने कहा कि देवों के देव महादेव की कृपा से मानव कल्याण निश्चित है। न्यू महावीर कालोनी में शिव मंदिर के निर्माण से क्षेत्रवासियों को विशेष लाभ मिलेगा। कालोनी में सकारात्मक वातावरण विकसित होने के साथ युवाओं में संस्कारों का समावेश होगा। बुजुर्गों को मंदिर जाता देखकर निश्चित रूप से युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। ऐसे में कालोनी का वातावरण सकारात्मकता और संस्कारों से परिपूर्ण होगा। जैन ने कहा कि नवरात्रों के दौरान मंदिर की आधारशिला का रखा जाना बेहद शुभ है। निश्चित तौर पर इसके सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि न्यू महावीर कालोनी निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। यहां हर प्रकार की सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। भविष्य में भी कालोनी में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।