लिटल एंजल्स स्कूल में महिला कर्मचारियों व ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की कार्यशाला का आयोजन
रणबीर सिंह, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल में कर्मचारियों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को जीवन में आत्मनिर्भर व प्रगति की तरफ अग्रसर करना है। महिला कर्मचारियों की कार्यशाला ‘शक्तिवाहिनी‘ को विद्यालय की अध्यापिका स्वाति, रितु नागपाल व सुषमा के द्वारा सुचारू रूप से आयोजित किया गया। कार्यशाला के दौरान महिला कर्मचारियों को दिनचर्या में प्रयोग किए जाने वाले अंग्रेजी के शब्दों से अवगत करवाया गया। इसी के साथ उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता व रखरखाव के बारे में भी बताया गया। बच्चों की सुरक्षा व रखरखाव, मैडिटेशन, घरेलू नुस्खों व पौष्टिक व्यंजनों की भी जानकारी दी गई। उन्हें अध्यापिकाओं, बच्चों व अभिभावकों से बातचीत करने के उचित तरीकों के बारे में बताया गया। साथ ही आर्थिक रूप से सशक्त होने व आर्थिक बचत के बारे में बताया गया। महिला कर्मचारियों ने कोमल है कमजोर नहीं तू, शक्ति का नाम ही नारी है गीत को गाकर अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्हें कुछ प्रेरणादायी पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी दिखाई गई। सभी महिला कर्मचारियों ने अलग-अलग किरदारों में अनेक भूमिकाएं निभाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महिला कर्मचारियों को म्यूजिकल चेयर, फन रेसिस आदि खेल खिलाकर मनोरंजन किया गया। इसी प्रकार विद्यालय के बस चालकों व सहायकों के लिए भी एक कार्यशाला (सार्थक) का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन विद्यालय के ट्रांसपोर्ट मैनेजर जगमोहन दत्ता, तथा अध्यापक डॉ. गौरव व कुलविंदर द्वारा सुचारू रूप से किया गया। बस चालकों व सहायकों को यातायात के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों व नियमों के बारे विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें प्राथमिक उपचार व उत्साहवर्धक व्यायाम के बारे में भी बताया गया। बस चालकों को जीपीएस प्रयोग, कोविड-19 की विषम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के नियमों की जानकारी व पालन करने की हिदायत दी गई। सभी ने आसान है गीत गाकर अपने जोश का प्रदर्शन किया। बस चालकों को क्रिकेट व फन रेसिस खेल खिलाकर मनोरंजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल ने सभी कर्मचारियों के द्वारा किए गए प्रयास की सराहना की। प्रधानाचाया गोयल ने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सुचारु रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कर्मचारियों को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।