स्ट्रीट लाइट व सफाई व्यवस्था से बदहाल हेमनगरवासी

स्ट्रीट लाइट व सफाई व्यवस्था से बदहाल हेमनगरवासी

सोनीपत। शहर के हेमनगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल व स्ट्रीट लाइटों के ठप होने से क्षेत्र में रोजाना हादसे हो रहे हैं। समस्या से परेशान लोगों ने नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अशोक छाबड़ा को शिकायत की है। शिकायत के बाद छाबड़ा के पुत्र अनुज छाबड़ा ने मौके पर पहुंचकर लोगों से समस्या की सूची मांगी है। कांग्रेस युवा नेता अनुज छाबड़ा ने लोगों की शिकायत सुनते हुए कहा की इन समस्याओं की असली जड़ नगर निगम के चुनाव न होना है। नगर निगम के चुनाव हो जाते तो निगम के अधिकारी अपनी मनमानी से इस तरह काम न करते। निगम के अधिकारियों की मनमानी से आज शहरवासियों को विभिन्न परेशानी से जुझना पड़ रहा है। अनुज छाबड़ा ने कहा कि गठबंधन सरकार की तरफ से भी निगम के चुनाव की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जाता। कांग्रेसी नेता ने इस दौरान बरोदा उपचुनाव को लेकर भी युवाओं से आग्रह किया कि वे पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरकर लोगों को कांग्रेस की विचारधारा के प्रति जोड़ें। इस दौरान नीरज मल्होत्रा, हिमांशु शर्मा, मनोज गोयल, विकास नारंग, रमन, मेसी, महेश नारंग, विपिन ढिंगड़ा, लव, जोनी, इश कुमार, संजय नारंग आदि ने कहा कि उनके क्षेत्र में काफी समय से सफाई नहीं हो रही हैं। वहीं कूड़ा भी सडक़ों पर गिरा रहता है। क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट खराब होने से रोजाना हादसे हो रहे हैं।

राजनीति हरियाणा