हरियाणा सरकार दिशाहीन हुई : अशोक तंवर

हरियाणा सरकार दिशाहीन हुई : अशोक तंवर

सरकार सिर्फ जुमलों से काम चला रही

राजेन्द्र कुमार, सिरसा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व सिरसा के पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार में मंत्रियों व अधिकारियों में तालमेल ना होने के कारण सरकार दिशाहीन हो गई है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व मंत्रियों के अलावा अधिकारियों में तालमेल नहीं होने के कारण प्रदेश के हालात बिगड़ गए है। सरकार हर मोर्च पर विफल साबित हुई है। कोरोना महामारी में सरकार स्थिति कंट्रोल नहीं कर पा रही है। प्रदेश में आज ऐसे हालात हो गए है कि सरकार के पास कर्मचारियों को देने के लिए पगार नहीं है। विकास के मामले में प्रदेश बुरी तरह से पिछड़ गया है। किसानों, कर्मचारी, आम आदमी सडक़ो पर है, जिनकी कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। सरकार सिर्फ जुमलों से काम चला रही है। विपक्ष भी इस मामले में आम आदमी की आवाज उठाने में नाकमयाब रहा है। अशोक तंवर मंगलवार को रतिया में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जयपाल लाली के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। इससे पूर्व तंवर ने रतिया मंडी में जाकर किसानों से बातचीत की व उनकी फसल के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि अब सरकार की नाकामी को जनता के बीच ले जाया जाएगा। डा. अशोक तंवर ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछले छह साल से राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। मौजूदा हालात में सीएम व मंत्री अलग-अलग बयान दे रहे हैं, जिस कारण प्रदेश की जनता का इस सरकार से विश्वास भी उठा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना के नाम पर भ्रष्टाचार बढ़ा है और अफसरशाही हावी हुई है। कोरोना का आड़ में देश भर में लाखों करोड़ का घोटाला किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मरीजों के लिए पूरे बैड तक उपलब्ध नहीं करवा पाई है। ऐसे हालात में सरकार को जनता के साथ तालमेल रखने वालों, सामाजिक लोगों से राय लेनी चाहिए, ताकि  कोरोना जैसी महामारी से मिलकर निपटा जा सकें। राजनीति को लेकर उनकी अगली रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं बल्कि कोरोना जैसी महामारी से निपटने का है। इसके बाद ही वह कोई निर्णय लेंगे। कांग्रेस में वापस जाने की बात पर उन्होंने साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के हालात सभी के सामने हैं। प्रदेश में तो विपक्ष की भूमिका भी कांग्रेस सही तरीके से नहीं निभा पाई है। नई पार्टी बनाने की बात पर उन्होंने कहा कि इस बारे में कार्यकत्र्ताओं से बातचीत की जाएगी। इस अवसर पर सुभाष बिश्रोई, मंगतराम लालवास, देवराज हड़ौली, गुरदीप चहल, प्रवीन भिरडाना, कमलदीप सिंह सहित अनेक तंवर समर्थक मौजूद थे। तंवर ने रतिया के गुम्मट गुरूद्वारें में भोला सिंह सैनी के निधन पर आयोजित भोग में भी भाग लिया।

राजनीति हरियाणा