कोविड-19 कोरोना वायरस के पोजिटिव मामलों में हुई वृद्धि, कोरोना पोजिटिव के मामलों का कुल आंकड़ा हुआ 17
सोनीपत। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग ने सोनीपत में कोविड-19 कोरोना वायरस के पोजिटिव मामलों वृद्धि दर्ज की है। शुक्रवार को सोनीपत में कोरोना के चार नये पोजिटिव केस मिले हैं। अब सोनीपत में कोरोना वायरस के पोजिटिव मामलों का कुल आंकड़ा 17 हो गया है। जिला स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में सोनीपत में कोरोना पोजिटिव के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। आज फिर कुछ नये पोजिटिव केस मिले हैं। इनमें एक मामला 30 वर्षीय युवक का है जो रेल हाई राइज अपार्टमेंट में रहते हैं। तीन-चार दिन पहले इस युवक को बुखार था व गले में समस्या थी, जिसके बाद इन्होंने अपनी जांच कराई। जांच में इनमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। तीन अन्य मामलों में एक गांव शहजादपुर का है। शहजादपुर की एक 36 वर्षीय महिला कोरोना वायरस की पोजिटिव पाई गई है। कोरोना पोजिटिव केस के संपर्क में आने से यह महिला संक्रमित हुई है। तीसरा मामला सिविल अस्पताल सोनीपत से जुड़ा है। सिविल अस्पताल का एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। यह कर्मचारी आईसोलेशन वार्ड में कार्यरत था। बताया जाता है कि रूटिन में की गई सैंपलिंग में कर्मचारी में कोरोना संक्रमण का पता चला है। इनके अलावा एक और व्यक्ति कोरोना पोजिटिव मिला है। इसके अलावा उपायुक्त डा. सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सांयकाल तक 1315 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 1166 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। जबकि 149 लोगों की जांच रिपोर्ट आने की प्रतीक्षा की जा रही है। प्राप्त रिपोर्टों में 17 पोजिटिव मामले हैं तथा 1149 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जिनमें चार मरीजों ने रिकवरी कर ली है। पोजिटिव मामलों में दो मामले जमात के भी हैं। उपायुक्त ने कहा सोनीपत में अब तक 224 व्यक्ति जमात से आये हैं, जिनमें से 214 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से दो लोगों की पोजिटिव रिपोर्ट आई है तथा शेष 212 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। साथ ही उन्होंने कहा कि विदेश से आये लोगों का मामला नियंत्रण में है। विदेश से सोनीपत आये सभी 327 लोगों को क्वारंटाईन किया गया है। सभी 327 व्यक्तियों ने 28 दिन की समयावधि का क्वारंटाईन पूरा कर लिया है। उपायुक्त डा. सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह राई में स्थापित फेसिलिटी क्वारंटाईन में 138 लोगों को रखा गया, जिनमें से 34 व्यक्तियों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। यहां से 42 लोगों को आईसोलेशन वार्ड में स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि आईसोलेशन वार्डों में 152 लोगों को रखा गया है।