हरियाणा रैली में बोले गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा 75 पार के लक्ष्य के साथ फिर सरकार बनाएगी, फ्रांस में राफेल पर शस्त्र पूजा की तो कांग्रेस को नहीं आया पसंद
अशोक छाबड़ा, कैथल/जींद। केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को बस विरोध करना आता है, चाहे वह राफेल हो या अनुच्छेद 370 को हटाने का मामला। उन्हें पूरा भरोसा है कि किसानों की भूमि (हरियाणा) में भाजपा 75 पार के लक्ष्य के साथ फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस को राफेल और अनुच्छेद 370 के मामले पर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश की सुरक्षा के लिए अहम राफेल का विरोध किया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने का भी इन लोगों ने विरोध किया। अमित शाह ने यहां भाजपा की विजय संकल्प रैली में कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस में कल राफेल का ‘शस्त्र पूजन किया। कांग्रेस को यह पसंद नहीं आया। क्या विजयदशमी पर ‘शस्त्र पूजन नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बस विरोध करना है। उन्होंने विजय दशमी पर राफेल को सेना में शामिल करने के लिए पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बधाई। उन्होंने कहा कि राफेल का सेना में शामिल होना कांग्रेस को बुरा लगा रहा है। कांग्रेस को सोचना चाहिए कि किस चीज का विरोध करना चाहिए और किसका नहीं। उन्होंने लोगों से जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35ए हटाने पर जनता से हाथ उठवाकर सहमति ली। शाह ने लोगों से पूछा कि क्या एक देश में दो झंडे हो सकते हैं क्या, दो प्रधानमंत्री हो सकते हैं क्या, दो संविधान हो सकते हैं क्या। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तीन पीढिय़ां बदली, लेकिन कांग्रेस सरकारें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 नहीं हटा पाईं। मोदी ने दूसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही सबसे पहले इसे हटा दिया। कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 हटाने का विरोध किया। मैं पूछना चाहता हूं राहुल गांधी से कि आप हरियाणा में आकर स्पष्ट करो कि कांग्रेस अनुच्छेद 370 हटाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ है या विरोध में।
कांग्रेस की तीन पीढियां जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 नहीं हटा पाईं
कांग्रेस का काम बस हर बात का विरोध करना है। देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 को हटाया, लेकिन कांग्रेस वाले इसका विरोध कर रहे हैं। इनकी तीन पीढिय़ों ने राज किया, लेकिन जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की हिम्मत नहीं थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे हटाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरभूमि है। कांग्रेस वाले जनता को बताएं कि अनुच्छेद 370 हटानी चाहिए या नहीं। कांग्रेस वालों को बस भाजपा का विरोध करना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव अभी शुरू हुआ है। विरोधियों को समझ नहीं आ रहा कि चुनाव अभियान पूर्व से शुरू करें या पश्चिम से। राज्य में विपक्ष पूरी तरह गफलत में है। सीएम मनोहर ने पांच साल शासन किया। मनोहर सरकार की कोई जाति नहीं है। चौटाला आते थे तो गुंडागर्दी बढ़ती थी, हुड्डा आते थे तो भ्रष्टाचार संग लाते थे। अब न गुंडाराज और न भ्रष्टाचार। नौकरियों का बाजार अब बीते जमाने की बात हुई। अब नौकरियों में भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मनोहरलाल सरकार ने लिंग अनुपात सुधारने काम किया। शाह ने कहा कि पांच साल पहले मैं भाजपा के अध्यक्ष के नाते वोट मांगने आया था। जनता ने सरकार बनाने का मौका दिया और मनोहर लाल मुख्यमंत्री बने। पांच साल के अंदर हरियाणा में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। अब जाति के आधार पर काम नहीं होते। कोई जाति नहीं सरकार की, हर आदमी की सरकार। उन्होंने कहा कि मनोहरलाल सरकार के समय मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। गुंडागर्दी खत्म हुई। एक भी घर में अब चूल्हे पर नहीं बनता खाना, हर घर में गैस कनेक्शन है। कोख में बेटियों की हत्या का कलंक धुल गया है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा पूरी तरह चरितार्थ हुआ हरियाणा में। हरियाणा की माताओं को इसके लिए प्रणाम है। पूरे देश में लिंगानुपात में सबसे अच्छा सुधार हरियाणा में हुआ है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल को फिर से सीएम बनवा दो। पूरे हरियाणा को प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा, ताकि हर व्यक्ति का पांच लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार हो सके। अमित शाह ने कहा कि सरकार ने जल शक्ति केन्द्र बनाकर किसानों को लाभ पंहुचाया। इस परदेश के हर गांव की पंचायत पढ़ी लिखी है।
70 साल से घुसपैठियों को बाहर निकालो
अमित शाह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा, लेकिन सुरजेवाला के पेट में दर्द हो जाता है। मोदी जी जब विदेश जाते हैं तो वहां उनका जोरदार स्वागत होता है। पीएम मोदी पिछले दिनों अमेरिका गए तो जो सम्मान वहां मोदी का जो अद्भूत स्वागत और अभिनंदन हुआ वह मोदी का नहीं और न ही भाजपा का था बल्कि 130 करोड़ देश की जनता का हुआ। मोदी ने एयर व सर्जिकल स्ट्राइक कर देश की ताकत को विश्व में दिखाया। उन्होंने कहा कि 70 साल से घुसपैठियों को बाहर निकालो। मोदी से ज्यादा कांग्रेस के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गए थे विदेश में। मनमोहन सिंह जाते थे तो मैडम द्वारा टाइप किए गए दो पन्ने पढ़कर आ जाते थे। इसलिए लोगों को पता नहीं चलता था कि पीएम विदेश में हैं। आज विदेश में एयरपोर्ट पर ही मोदी का स्वागत करने के लिए लाखों लोग उमड़ पड़ते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति भी हैरान रह गए कि इतने लोग मोदी के सुनने कहां से आ गए। उन्होंने कहा कि पांच साल में दो घटनाएं हुई पहली उड़ी में और फिर दूसरी में 40 जवान शहीद हुए। हम कांग्रेस की तरह चुप नहीं बैठे, बल्कि बालाकोट में घुसकर आतंकवादियों को मारकर शहीदों का बदला लिया। दुनिया का देश को देखने का नजरिया बदला। अमित शाह ने कहा कि आज पाकिस्तान दुनिया में शिकायत कर रहा कि भारत उसकी सीमा में घुस रहा। कोई देश पाकिस्तान के समर्थन में नहीं है। भारत तेजी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था में शुमार हुआ है। मोदी ने ट्रिपल तलाक खत्म किया।
चौटाला आए तो गुंडागर्दी बढ़ी, हुड्डा आए तो भ्रष्टाचार बढ़ा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि राज्य में चौटाला की सरकार आई तो गुंडागर्दी बढ़ गई और हुड्डा की सरकार आई तो भ्रष्टाचार बढ़ गया। एक आता था तो डंडा खाना पड़ता था, दूसरा आता था तो रिश्वत देनी पड़ती थी। भाजपा सरकार में न गुंडागर्दी है, न भ्रष्टाचार है, लोगों को अपना काम मैरिट पर मिलता है। शाह ने कहा कि हरियाणा नौकरियों के नाम पर बदनाम था। नौकरियों का बाजार लगता था। जाति देखी जाती थी, कौन ज्यादा पैसे देता है ये देखा जाता था। शाह ने चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़े-बड़े नेता नौकरियों के नाम पर जेल में बैठकर बुढापा काट रहे हैं। मनोहर लाल ने बिना पैसे के नौकरियां देने का काम किया है।
रणदीप सुरजेवाला को आड़े हाथों लिया
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा चुनाव अभी शुरू हुआ है और विरोधी कन्फयूज हो गए। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा कि चुनाव अभियान कहां से शुरू करें। पूर्व से करें या पश्चिम से। अगर ऐसे हालात हैं तो चुनाव क्या खाक जीतेंगे। भाजपा इस बार फिर सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अमित शाह ने अपने संबोधन में रणदीप सुरजेवाला को भी निशाने पर लिया। शाह ने कहा कि पीएम मोदी कुछ भी करते हैं तो सुरजेवाला के पेट में दर्द हो जाता है। पूरी कांग्रेस को मिर्ची लग जाती है। वे बताएं कि उन्होंने या उनकी पार्टी ने आज तक देश की और हरियाणा की जनता के लिए क्या किया। अमित शाह ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक कराई। तीन तलाक बिल पास किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई शुरू की। बेटी बचाओ का नारा दिया। जन-जन तक योजनाएं पहुंचाई, कांग्रेस ने आज तक कौन-सा काम किया। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में मनोहर सरकार ने पांच साल राज किया और इस दौरान कई बड़े बदलाव हुए। मनोहर सरकार की कोई जाति नहीं है। भाजपा की सरकार आम आदमी की सरकार है।
लोहारू में बोले गृहमंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज भिवानी के लोहारू में चुनावी रैली को संबोधित किया। शाह ने बहल अनाजमंडी लोहारू में दो विधानसभाओं भिवानी और तोशाम के लिए जनसभाएं की। भाजपा ने भिवानी से जेपी दलाल और तोशाम से शशि रंजन परमार को मैदान में उतारा है। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि भिवानी में मेडिकल कॉलेज खुलवाया। पासपोर्ट ऑफिस खुलवाकर युवाओं की दिक्कतें खत्म कीं। हर घर में शौचालय पहुंचाया। घर-घर तक गैस कनेक्शन पहुंचाया। किसानों के खाते में छह हजार रुपये पहुंचाए। भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में समान विकास करवाया। अमित शाह ने कहा कि परिवारवादी लोग सिर्फ परिवार का ही भला कर सकते हैं, जनता का नहीं। कांग्रेस ऐसी ही पार्टी है, जिसने सिर्फ परिवार का भला सोचा। जनता के विकास की उन्हें कोई परवाह नहीं। परिवारवादी पार्टियों में आम आदमी चुनाव नहीं लड़ सकता। अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी से ज्यादा लोकप्रिय कोई नेता नहीं। उन्होंने पूरी दुनिया में देश का डंका बजाया। देश को मान सम्मान दिलाया। पीएम मोदी ने ही देश में भ्रष्टाचार को खत्म कराया। समान विकास करके सभी को समानता के स्तर पर लाकर खड़ा किया।