तेज रफ्तार ट्राले ने कांवडियों के समूह को कुचला, तीन की मौत व कई घायल

हिसार। जिले में एक हादसे में तीन युवा कांवडियों की मौत हो गई। हिसार-बरवाला मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्राला ने कावडिय़ों के एक समूह को रौंद दिया। हादसे में तीन कावडिय़ों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रात करीब दो बजे हुआ। दुर्घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घायलों को आसपास के लोगों ने वाहनों से हिसार के सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार बिछपडी गांव के पास कावडिय़ों का एक समूह जा रहा था। ये कांवडिये गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ने उनको कुचल दिया। इससे वहां चीख-पुकार मच गई। उधर गांव में लोग कावडिय़ों का स्वागत करने के लिए खड़े थे। इसी दौरान लोगों को हादसे की जानकारी दी। सभी ग्रामीण घटनास्थल की तरफ भागे। ग्रामीणों ने मौके पर देखा तो काफी लोग घायल तड़प रहे थे। सभी को ग्रामीण उठा कर गाडिय़ों से सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। घायलों में से तीन को डॉक्टर ने अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। बाकी सात को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मारे गए कांवडियों की पहचान 18 वर्षीय राहुल, 28 साल के राज सिंह और 21 साल के रोहताश के रूप में हुई है।
क्राइम देश हरियाणा