सरकार का अगला लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा : मनोहर लाल
रोहतक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को सुझाए आगामी चुनाव की तैयारियों के मूल मंत्र
>रोहतक। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के मिशन 75 प्लस की तैयारी कर रहे कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें परीक्षा में केवल पास ही नहीं होना बल्कि अच्छे अंकों से उतीर्ण होने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। इसके लिए आपको हर विधानसभा में पूरी लग्न के साथ जन-जन के बीच जाकर पूर्व एवं वर्तमान सरकार के मध्य तुलना और भाजपा सरकार की उपलब्धियों की माऊथ पब्लिसिटी अधिक से अधिक करनी है। मुख्यमंत्री ने यह बात रोहतक में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की उपस्थिति में आयोजित शक्ति केंद्र प्रमुख व पालक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्वव्यापी छवि, भाजपा सरकार के काम करने का तरीका और कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव से हमने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर विजय हासिल की है। पिछले पांच साल के दौरान पंचायती राज संस्थाओं, नगर पालिका-परिषद, पांच नगर निगमों में मेयर चुनाव, जींद उपचुनाव के उपरांत अब लोकसभा चुनाव सहित हर चुनाव में जीत से भाजपा के प्रति एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे तो अभी इस खोज में लगे हैं कि उनका अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा जबकि भाजपा में आज राष्ट्र, प्रांत, जिला, मंडल व बूथ से आगे बढ़ते हुए मतदाता सूची के पन्ने के प्रभार की जिम्मेवारी भी तय हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचे शक्ति केंद्र व पालकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में रोटी, कपड़ा और मकान से आगे बढकऱ शी (एसएचई) फैक्टर सबको शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर फोकस किया जाएगा। अगले पांच साल के दौरान सरकार की योजनाओं का जनभावनाओं के अनुरूप कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में संकल्प पत्र भी तैयार किया जा रहा है। संकल्प पत्र व पार्टी की उपलब्धियों का विवरण लेकर कार्यकर्ता घर-घर तक जाएं। पिछला लोकसभा चुनाव हम सब अच्छे माॢजन से जीते हैं, अगला चुनाव अक्टूबर में होगा और तैयारी में सबसे पहला काम अच्छे वातावरण को बनाने के साथ-साथ एक-एक व्यक्ति तक अपनी बात पहुंचाना है। उन्होंने चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए कहा कि आज के वातावरण को देखते हुए अति आत्मविश्वास से बचना होगा। आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर तीन बातों पर ध्यान देने की आवश्यकता है जिनमें पहली किसान, गरीब, व्यापारी, शिक्षा आदि से जुड़ी योजनाओं के साथ-साथ हमने मेरा परिवार-मेरी पहचान नामक कार्यक्रम शुरू किया है जिसके चलते अब योजनाएं खुद चल कर जनता तक पहुंचेंगी। यह एक ऐसी व्यवस्था है जोकि सरकारी सेवाओं व योजनाओं के क्रियांवयन के लिए क्रांतिकारी साबित होगी। दूसरी बात जनता के वोटिंग बिहेवियर यानि जनता को घर से बाहर निकलकर मतदान करने के लिए भी हमें प्रेरित करना है तथा तीसरी बात सोशल मीडिया पर चलने वाले भ्रामक प्रचार से स्वयं व जनता को बचाते हुए उसका मुंह तोड़ जवाब भी देना है।
विपक्षी दलों में भगदड़-मनोहर लाल ने स्थापित किए कीर्तिमान : डा.अनिल जैन<
भाजपा राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डा. अनिल जैन ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और भरोसे के बलबूते हरियाणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 सीट जीतने के लक्ष्य को हासिल किया था। ऐसा भाजपा का संगठन नीचे तक पहुंचने के कारण संभव हुआ है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से मिले नतीजे की वजह से आज विपक्षी दलों में भगदड़ मची हुई है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व पारदर्शी शासन व्यवस्था से आज हरियाणा में कीर्तिमान स्थापित हुआ है। हरियाणा में गुंडे, दलाल, आपराधिक प्रवृति को बढ़ावा देने वाली परम्पराओं को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खत्म किया है। इस अवसर पर उन्होंने शक्ति केंद्र प्रमुख व पालकों को भाजपा को मजबूत बनाने का संकल्प भी दिलाया। >
>हर बूथ पर बनेंगे 100 से अधिक नए सदस्य- बराला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि हर बूथ पर 100 से अधिक नए सदस्य बनाएंगे। भाजपा में नया रिकार्ड बनाने की आदत और हम एक बार फिर से तैयार हैं। उन्होंने किसान-जवान की भूमि पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक बार फिर भाजपा सरकार का नारा बुलन्द हुआ है। हरियाणा में 19 हजार बूथ पर पन्ना प्रमुख नियुक्त किए हैं। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार किसी भी दल ने अपने कार्यकर्ताओं को जीत का सांझीदार बनाते हुए उनका जिला स्तर पर सम्मानित किया है। जब भी केंद्र से हमें लक्ष्य प्राप्त हुए हैं, उससे कार्यकर्ताओं के बूते पर हमने हासिल किया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, सांसद संजय भाटिया, संदीप जोशी, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री औमप्रकाश धनखड़, शहरी निकाय मंत्री कविता जैन, सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर, खाद्य एवं आपूॢत मंत्री कर्ण देव कंबोज, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, जिला मंत्री सतीश आहुजा व धर्मबीर शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, सहमीडिया प्रभारी मनोज मक्कड़, जिला उपाध्यक्ष देवराज सांपला, डॉ. दिनेश घिलौड, वीरसिंह हुड्डा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष कुसूम राणा, अजय खुंडिया, नीलम पांचाल, महाबीर बागड़ी, जयसिंह लाकड़ा, मंडल अध्यक्ष पंकज छाबड़ा, सतीश रोहिल्ला, सुभाष शर्मा प्रदेश के सांसद, विधायकगण व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।<