नेता-नीति-नीयत-कार्यकर्ता और वातावारण के बूते आज भाजपा सर्वश्रेष्ठ : नड्डा
Posted on July 27, 2019
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रोहतक में शक्ति केंद्र प्रमुख व पालकों में भरा जोश, नड्डा बोले, भाजपा का मतलब जनता को ध्यान में रखकर जनता की सेवा करते हुए सर्वस्व त्याग करना रोहतक भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब आपका लक्ष्य हरियाणा के घर-घर तक विकास-विकास-विकास और भ्रष्टाचार मुक्त-विकास युक्त हरियाणा की बात पहुंचाना है। आज भाजपा के पास नेता, नीति, नीयत, दृष्टि, कार्यक्रम, कार्यकर्ता व वातावरण सब कुछ है जबकि दूसरे दलों के पास इन सबका अभाव है। उन्होंने रोहतक की नई अनाज मंडी में शनिवार को आयोजित शक्ति केंद्र प्रमुख, सहायक व पालक के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी डा. अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला सहित राज्य सरकार में मंत्रीमंडल सदस्य व पार्टी पदाधिकारीगण सम्मेलन में उपस्थित रहे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के उपरांत जगत प्रकाश नड्डा पहली बार हरियाणा पहुंचे थे और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सीमा से रोहतक तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जगह-जगह अभिनंदन किया। हरियाणा में हुए गर्मजोशी भरे स्वागत से अभिभूत जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कहा कि आप भाग्यशाली है कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के आप सदस्य है और देशभक्ति के माध्यम से आपको देश सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि देश में करीब 1300 राजनीतिक दल है, जिनमें वंशवाद व परिवारवाद का बोलबाला है। भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता पार्टी में चरम तक पहुंच सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के अतिरिक्त मंच पर विराजमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित अन्य नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि इनके परिवार में कोई भी राजनीतिक पृष्ठभूमि से नहीं जुड़ा हुआ। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन मंत्र की सीख देते हुए कहा कि करीब 11 करोड़ सदस्य वाली भाजपा, जोकि आज वटवृक्ष के रूप में स्थापित है। इस वटवृक्ष को खड़ा करने वाले पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने नींव के पत्थर के रूप में अपना सर्वस्व दिया है। उन कार्यकर्ताओं को नमन कर व ताकत अर्जित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा दल जहां प्रजातंत्र पूरे तरीके से चल रहा है। यहां हर तीन साल में संगठन के चुनाव व सदस्यता अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी आज उत्कर्ष पर है। देश के 17 राज्यों में हमारी सरकार है, लेकिन पार्टी अध्यक्ष एवं देश के गृह मंत्री अमित शाह का मानना है कि भाजपा का सबसे अच्छा समय आना बाकी है। एक राष्ट्र के रूप में हमें उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक आगे बढऩा है। आज हम अपना ही रिकार्ड तोड़ रहे है सदस्यता अभियान के लिए इस बार हमारा लक्ष्य 20 करोड़ सदस्यों का है। हमें देश को कांग्रेस मुक्त भारत से भाजपा युक्त भारत बनाना है, क्योंकि कांग्रेस मुक्त भारत से मतलब भ्रष्टाचार मुक्त भारत और भाजपा युक्त भारत से मतलब आयुष्मान, उजाला, सौभाग्य एवं सक्षम भारत है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार की मुक्त कंठ प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बना, नौकरियों में पारदर्शिता आई, ट्रांसफर पॉलिसी, भावांतर भरपाई योजना से सरसों व बाजरा की सरकारी खरीद, प्रदेश के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के साथ-साथ औद्योगिक विकास को देखकर साबित हुआ है कि सही आदमी सही जगह पर हो तो बदलाव कैसे आता है। हरियाणा इस बदलाव का एक जीवंत उदाहरण है। उन्होंने शक्ति केंद्र प्रमुख, सहायक व पालकों को उत्साहित करते हुए कहा कि हरियाणा में 19 हजार बूथ है जिनमें एक शक्ति केंद्र पर पांच बूथ और 100 कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की राजनीति के एजेंडा को जन-जन के बीच पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 50 दिनों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जल से चंद्रयान तक देश को आगे ले जाने के कार्य हुए है। इन पचास दिनों में देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलीयन तक ले जाने की नींव रखी गई है। प्रधानमंत्री ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि 2022 तक देश के 1.95 करोड़ परिवारों को पक्का मकान, पीने का साफ पानी, ग्रामीण जनजीवन में बदलाव लाना है। साथ ही इन पचास दिनों में 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर पूरे देश के लिए केवल चार श्रम कानूनों को लागू करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ही अब पूरे देश में श्रमिकों के न्यूनतम वेतन का निर्धारण करेगी। देश के तीन करोड़ दुकानदारों को प्रधानमंत्री मानधन योजना से पेंशन देने का निर्णय भी इस दौरान लिया गया। महिला कल्याण के क्षेत्र में स्वयं सेवी समूहों को पांच लाख रुपए तक ऋण व सदस्यों को पांच हजार रुपए ओवरड्राफ्ट की सुविधा, आतंकवाद के खात्मे के लिए पनाहगारों व उकसाने वालों को आतंकवाद की श्रेणी में डालने जैसे काम किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने लोकसभा चुनाव में हरियाणा से सभी सीटों पर विजय दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित किया और बधाई दी आपके परिश्रम से सौ में सौ नंबर लाकर विजयश्री मिली है। उन्होंने कहा कि आपके जोश व मेहनत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की अमित शाह की संगठनात्मक क्षमता, मुख्यमंत्री मनोहर लाल की लोकप्रिय सरकार को देखकर लग रहा है कि विधानसभा चुनाव के लिए आपने जो 75 प्लस का लक्ष्य रखा है, उससे अधिक सीट आने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने विभिन्न दलों से भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को अपना संदेश देते हुए कहा कि आप बाय च्वाइस-बाय चांस-बाय एक्सीडेंटल जैसे भी आए हो लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आप भाग्यशाली है और सही जगह पर है। उन्होंने पार्टी के सदस्यता अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि हमें सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी, समावेशी होना चाहिए। सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास हासिल करते समाज के सभी वर्गों को जोडऩा है।
>भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का रोहतक में मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आज रोहतक पहुंचने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तिलयार लेक परिसर में स्वागत किया। नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के उपरांत पहली बार हरियाणा पहुंचे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सीमा टीकरी बार्डर से रोहतक तक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। मनोहर लाल ने रोहतक के तिलयार लेक परिसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी डा. अनिल जैन को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेतागण भी साथ रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पैर छूकर लिया मुख्यमंत्री से आशीर्वाद
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज रोहतक में अपने संस्कारों का परिचय देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक नई मिसाल कायम की। बता दे कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल तिलयार लेक परिसर में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के स्वागत के लिए मौजूद थे। इसी दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला परिसर में पहुंचा और नड्डा ने गाड़ी से उतरते ही सबसे उम्र व अनुभव में वरिष्ठ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले सम्मान से खुद मुख्यमंत्री बेहद अभिभूत नजर आए।