रिमझिम के गीत सावन गाए…
मेघों ने गाया राग मल्हार, पुलकित हुई प्रकृति
राजेंद्र कुमार, सिरसा। यह सावन का पहला सोमवार था और नाग पंचमी भी। इसी बीच सावनी फुहारें पड़ीं तो मानो प्रकृति का कोना-कोना पुलकित हो उठा। भीषण गर्मी और उमस से जो राहत मिली, उसकी कल्पना नहीं की जा सकती। तापमान में काफी गिरावट आई और यह 34 डिग्री तक नीचे चला गया। गर्मी में पडऩे वाली बारिश की पहली बौछार किसी के लिए भी उल्लास या परमानंद से कम नहीं होती। आज जैसे ही बारिश की पहली फुहार पड़ी, लोगों का दिल खिल उठा। अभी एक सप्ताह तक और बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जाहिर की है। बारिश के साथ ही धान के खेतों में खुशहाली बरसी है। हालांकि शहर के कुछ इलाकों में पानी खड़ा होने और कीचड़ की वजह से लोगों को असुविधा हुई लेकिन उसका किसी ने ध्यान नहीं दिया। कल तापमान कुछ बढ़ेगा लेकिन बारिश की संभावना है। बुधवार को तापमान कम होगा मगर बारिश की संभावना कम है। इसके बाद लगातार रविवार तक हल्की बारिश की उम्मीद है। आज मौसम में नमी 65 प्रतिशत तक दर्ज की गई जबकि हवाएं 11 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। लोगों ने बारिश में बाइकों पर बाजारों का दौरा करके आनंद लिया वहीं घरों और प्रतिष्ठानों में जलेबी-पकोड़े और समोसे खाकर लोगों ने बारिश का इस्तकबाल किया। मौसम की यह बारिश खेत, वनस्पति, पशु, पक्षियों एवं मानवता के लिए संजीवनी के रूप में बरसी है। काफी दिनों से लोग गर्मी और उमस से बेहद व्याकुल हो रहे थे। तन पर कपड़े भी नहीं सुहा रहे थे। मौसम में नमी बढऩे की वजह से दिनभर पसीने से नहाए रहना पड़ रहा था। लगातार बारिश होने से उमस में कमी आने की उम्मीद है। इन दिनों धान का सीजन है और इसमें पानी की काफी आवश्यकता रहती है। बाकी फसलों के लिए भी बारिश वरदान की तरह है। बारिश होने के साथ ही अधिकतम के साथ साथ न्यूनतम यानी रात के समय का तापमान भी कम होगा। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रहेगा जो आने वाले दिनों में और कम होगा। अभी लगातार बारिश की उम्मीद है जिससे धरती की उष्मा कम होगी और ठंडक रहेगी। गर्मी के कारण परेशान और बेचैन लोगों को बारिश काफी राहत देने वाली साबित हुई है।
Gallery कहानियां देश धर्म-कर्म हरियाणा