जल शक्ति अभियान की सफलता के लिए इच्छा शक्ति जरूरी : विनय सिंह

>राजेंद्र कुमार, सिरसा । मानव जीवन के लिए पानी बहुत ही महत्वपूर्ण है। गिरते भूजल स्तर में सुधार व इसके बचाव के मद्देनजर केंद्र सरकार द्वारा जल शक्ति अभियान चलाया गया है। अधिकारी केवल ड्यूटी मात्र न समझते हुए दृढ इच्छा शक्ति के साथ लोगों से जुड़ाव करके जल शक्ति अभियान को सफल बनाने की दिशा में कार्य करें।यह बात मंडल आयुक्त विनय सिंह ने आज लघुसचिवालय के सभागार कक्ष में जल शक्ति अभियान के तहत आयोजित बैठक में उपस्थित विभागाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों के निरीक्षण बारे केंद्र से आई टीम द्वारा पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से गिरते भूजल स्तर को ऊपर उठाने व पानी बचत को लेकर किए जाने वाले कार्यों बारे विस्तार से समझाया। इस अवसर पर एसडीएम ऐलनाबाद अमित गुलिया, जिला परिषद सीईओ जयवीर यादव, डीडीपीओ कूलभूषण, सभी बीडीपीओ सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। मंडलायुक्त ने कहा कि धरती का भूजल स्तर गिर रहा है, जोकि जल संकट का मुख्य कारण बनता जा रहा है। सभी के जीवन के लिए जल एक मूल आवश्यकता है। केंद्र सरकार ने इसकी गंभीरता को समझते हुए जल शक्ति अभियान चलाकर इस दिशा में अच्छा कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को अपनी इच्छा शक्ति दिखानी होगी। इच्छा शक्ति से किया हुआ कोई भी काम असफल नहीं हो सकता है। इसलिए अधिकारियों को अभियान के तहत जल सरंक्षण की दिशा में किए जाने वाले जो कार्य व टारगेट दिए हैं, उन्हें निर्धारित अवधि में पूरा करें। उन्होंने कहा कि जल सरंक्षण के लिए सभी विभाग अलग-अलग भूमिका निभाकर इस दिशा में बेहतर कार्य कर सकते हैं। नगर परिषद व नगर पालिका भूजल स्तर सुधार के लिए रेन-वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाएं ताकि अधिक से अधिक पानी को संचित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पेड़ जल सरंक्षण के लिए महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए वन विभाग सभी विभागों को पौधे उपलब्ध करवाएं। इससे वातावरण भी शुद्ध होगा और जल शक्ति अभियान को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि बड़े महानगरों की अपेक्षा यहां अधिकतम पेड़ों के बीच स्वच्छ वातावरण में रह रहे हैं, इसलिए शुद्ध वातावरण के महत्व को समझते हुए इस दिशा में गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान के साथ अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और जो टारगेट आप लोगों को दिया गया है, उसमें सप्ताह तक के कार्य को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ें। उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल शक्ति अभियान के लिए विभागों के अधिकारियों को जो जिम्मेदारियां दी गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि यह केवल ड्यूटी ही नहीं अपितु एक सामाजिक रूप से पुण्य का कार्य भी है, जोकि आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत भी है। केंद्रीय टीम द्वारा जिला स्तर पर जल शक्ति अभियान के तहत करवाए जा रहे कार्यों का आगामी 3 दिन तक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागों को जल शक्ति अभियान को लेकर जो टारगेट दिए गए हैं, उन्हें समयावधि में पूरा करें। बीडीपीओ ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच के साथ बैठक करें, ताकि गांव में जल सरंक्षण को लेकर किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से जल शक्ति अभियान को लेकर जल सरंक्षण के लिए किए जाने वाले सुझाव मांगे और 15 सितंबर तक विभाग द्वारा अभियान को लेकर किए जाने वाले कार्यों की रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने मंडलायुक्त को विश्वास दिलाते हुए कहा कि जिस प्रकार से प्रशासन द्वारा जिलावासियों के सहयोग से पहले भी इस प्रकार के अभियानों को सफल बनाया गया है, उसी प्रकार इस अभियान में भी सफलता हासिल करेंगे।
गैजेट देश राजनीति हरियाणा