विकास के मामले में राई को बनायेंगे देश की नंबर-1 विधानसभा : कृष्णा गहलावत
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। राष्ट्रीय परिषद राज्य कृषि विपणन बोर्ड की चेयरपर्सन एवं पूर्व मंत्री कृष्णा गहलावत ने रविवार को छतेहरा व अकबरपुर बारोटा में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए ग्रामीणों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा के विकास को नये आयाम दिये हैं, जिसमें राई को विशेष महत्व मिला है। विकास के मामले में उनका लक्ष्य राई विधानसभा को प्रदेश ही नहीं अपितु देश की नंबर-1 विधानसभा बनाना है। लक्ष्य को साधने के लिए लोगों का सहयोग अपेक्षित है। जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व मंत्री कृष्णा गहलावत ने विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पहली ऐसी सरकार है जिसने क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर बिना किसी भेदभाव के समान रूप से समस्त प्रदेश में विकास की झड़ी लगाई है। अन्यथा पूर्व में तो सरकार अपने विधायकों के क्षेत्रों को ही विकास के लिए चुनती थी। जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में जनहित सर्वोपरि है, जिसमें विकास के मामले में किसी प्रकार के भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है। प्रदेश सरकार ने ऐसे क्षेत्रों में भी सैंकड़ों करोड़ की राशि के विकास कार्य करवाये हैं जिनमें उनके अपने विधायक नहीं है। पूर्व मंत्री कृष्णा गहलावत ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ईमानदारी की चर्चाएं प्रदेशभर में हैं, जिनके शासनकाल में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। यह सरकार की बड़ी उपलब्धि है। जबकि पूर्व सरकार तो आरोपों से घिरी पड़ी है। पूर्व सरकार के मंत्रियों-विधायकों ने जनहित की बजाय अपना हित साधा है। किंतु अब स्थिति बदल गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राजनीति को ही बदल दिया है। अब भेदभाव व बदले की भावना अथवा भाई-भतिजावाद की राजनीति नहीं की जाती। अब केवल विकास पर ही ध्यान केंद्रित है। यही कारण है कि प्रदेश में आज विकास के नये आयाम स्थापित हुए हैं। गहलावत ने अकबरपुर बारोटा में पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए स्वयं भी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण समय की मांग है। स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण के लिए हर किसी को पौधारोपण करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों की मांगों व समस्याओं की सुनवाई भी की। इन मौकों पर भाजपा नेता नरेश रोहिल्ला, जयप्रकाश, मनु, कर्ण सिंह, रामशेर, करतार, श्रीदेव, मनोज, ओमप्रकाश, रविंद्र प्रधान, सज्जन, राजेश, नीरज, पंकज, जोनी, कवरभान, मुकेश, सुरेंद्र, सूबे सिंह, संजय शर्मा, काला सैनी, बलजीत, आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।